भाजपा नेता बागड़ी के घर पहुंचे राष्ट्रीय सचिव सोनकर, दलित उत्थान पर हुई चर्चा

697

भाजपा के शासन में अनुसूचित समाज का हो रहा सशक्तिकरण: विनोद सोनकर
गुरुग्राम, 29 जून। मेदांता अस्पताल में उपचाराधीन अपने छोटे भाई सुनील कुमार सोनकर को देखने के लिए गुरुग्राम पहुंचे भाजपा अनुसूचित मोर्चा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं संसदीय आचार समिति के सभापति, राष्ट्रीय मंत्री भाजपा, भाजपा के कौशांबी लोकसभा से सांसद विनोद सोनकर वरिष्ठ भाजपा नेता व पूर्व पार्षद मंगत राम बागड़ी के लक्ष्मण विहार स्थित घर पर पहुंचे और वहां दलित समाज के उत्थान पर चर्चा हुई।
नगर निगम वार्ड 10 के पूर्व पार्षद मंगत राम बागड़ी व पार्षद शीतल बागड़ी ने सांसद विनोद सोनकर को गुलदस्ता भेंट कर उनका स्वागत किया। लंच के बाद मंगत राम बागड़ी व शीतल बागड़ी ने विनोद सोनकर के समक्ष सफाई कर्मचारियों की समस्याओं को रखा। बागड़ी ने कहा कि केंद्र और हरियाणा में भाजपा की सरकार बनने के बाद सफाई कर्मचारियों की अधिकतर समस्याओं का समाधान हुआ है लेकिन अभी भी कुछ ऐसी समस्याएं हैं जिनका निराकरण जरूरी है। उन्होंने कहा कि हरियाणा के नगर निगमों में ठेकेदारों के माध्यम से सफाई कर्मचारियों को रखे जाने की प्रथा कांग्रेस के शासनकाल से ही चली आ रही है। इसे समाप्त करने की जरूरत है क्योंकि ठेकेदारों के माध्यम से सफाई कर्मचारियों का शोषण हो रहा है, उन्हें पूरी तरह से सामाजिक न्याय नहीं मिल पा रहा है।
बागड़ी ने कहा कि सफाई कार्य में अधिकतर कर्मचारी दलित समाज से हैं इसलिए उनकी स्थिति बेहतर करना दलित समाज का उत्थान साबित होगा। सांसद विनोद सोनकर ने इसे गंभीरता से लेते हुए इस समस्या को केंद्र सरकार और हरियाणा सरकार से अवगत कराने का आश्वासन दिया। विनोद सोनकर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा दलित समाज के उत्थान के लिए समर्पित होकर काम किया जा रहा है। अनुसूचित समाज का जितना सशक्तिकरण भाजपा के कार्यकाल में हुआ है, उतना कभी नहीं हुआ। उज्जवला योजना, आत्मनिर्भर भारत योजना, प्रधानमंत्री आयुष्मान योजना आदि कई ऐसी योजनाएं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लागू की। जिनका प्रत्यक्ष लाभ अनुसूचित समाज को प्राप्त हो रहा है।
बागड़ी परिवार ने विनोद सोनकर का अपने निवास पर हार्दिक अभिनंदन करते हुए उनके आगमन पर उनका ह्रदय से आभार व्यक्त किया। मंगत राम बागड़ी ने कहा कि सांसद विनोद सोनकर समर्पित होकर देश में अनुसूचित समाज सहित सर्व समाज के उत्थान के लिए काम कर रहे हैं। भाजपा के प्रति उनके समर्पण की भावना को देखते हुए पार्टी ने उनको महत्वपूर्ण पदों पर आसीन किया है। हम ईश्वर से उनकी उत्तरोत्तर प्रगति की कामना करते हैं।

कोरोनाः हृदय व शुगर के मरीज रहें सतर्क

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here