अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि मेले का आगाज, देवी-देवताओं का नजराना बढ़ा

992

मंडी/शिमला, 2 मार्च। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने आज मंडी के ऐतिहासिक पड्डल मैदान सेे विश्वविख्यात अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि मेले का विधिवत शुभारंभ किया। इससे पहले मुख्यमंत्री ने मुख्य देवता राज माधोराय के प्रसिद्ध मंदिर में शीश नवाया तथा पारंपरिक शोभा यात्रा जलेब में भाग लिया जो श्री राज माधोराय मंदिर से आरंभ होकर पड्डल मैदान पर समाप्त हुई।
पारंपरिक वेशभूषा में सुसज्जित लोगों ने शोभायात्रा में स्थानीय देवी-देवताओं की पालकियों को उठाकर पड्डल मैदान तक पहुंचाया। जलेब में जिले के लगभग 216 देवी-देवताओं ने भाग लिया। मुख्यमंत्री ने पगड़ी समारोह में भी भाग लिया तथा श्री माधोराय मंदिर में पूजा-अर्चना की।
ऐतिहासिक पड्डल मैदान में अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि कोविड-19 के इस दौर में देवी-देवताओं के चढ़ावे में भी गिरावट आई है। इसके दृष्टिगत राज्य सरकार ने बजंतरियों के मानदेय को दोगुना करने का निर्णय लिया है। पिछले वर्ष बजंतरियों के मानदेय पर 9.52 लाख रुपये व्यय किए गए थे, जबकि इस वर्ष इस पर 19 लाख रुपये व्यय किए जाएंगे।

इस अवसर पर उन्होंने देवी-देवताओं के राशन में 50 प्रतिशत वृद्धि करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष इस पर 16.38 लाख रुपये व्यय किए गए थे जबकि इस वर्ष 25 लाख रुपये व्यय किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने देवी-देवताओं के नजराने में भी 33 प्रतिशत वृद्धि करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष नजराने और मानदेय के लिए 50 लाख रुपये प्रदान किए गए थे जबकि इस वर्ष इस पर 75 लाख रुपये व्यय किए जाएंगे जो प्रदेश सरकार की देव संस्कृति में अटूट श्रद्धा और विश्वास को प्रदर्शित करता है।

जय राम ठाकुर ने कहा कि मेले व त्यौहार हमारी समृद्ध संस्कृति के परिचायक हैं। मंडी शिवरात्रि की पूरे देश में एक अलग पहचान है। उन्होंने कहा कि पिछले दो वर्षों से अधिक के समय में कोरोना महामारी के कारण मेले व त्यौहारों के आयोजन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ा लेकिन अब प्रदेश में कोरोना मामलों में गिरावट आई है।
इसके उपरांत, मुख्यमंत्री ने पड्डल मेला मैदान में विभिन्न विभागों, बोर्डों, निगमों द्वारा लगाई प्रदर्शनी का शुभारंभ किया और इसमें गहन रूचि प्रदर्शित की। मुख्यमंत्री ने महोत्सव आयोजन समिति द्वारा अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव पर आधारित स्मारिका का भी विमोचन किया।
इस अवसर पर उपायुक्त मंडी एवं अध्यक्ष अन्तरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव आयोजन समिति अरिंदम चौधरी ने मुख्यमंत्री एवं अन्य गणमान्य व्यक्तियों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि मंडी का शिवरात्रि महोत्सव प्रदेश की सांस्कृतिक विविधता का एक अनूठा उदाहरण है।

उन्होंने कहा कि इस वर्ष इस महोत्सव में 216 देवी-देवताओं को आमंत्रण दिया गया है। उन्होंने कहा कि हिमाचल की स्वर्णिम यात्रा पर आधारित प्रदर्शनी और सात सांस्कृतिक संध्याएं इस महोत्सव का मुख्य आकर्षण होंगी।
मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी एवं रेडक्रॉस सोसायटी के अस्पताल कल्याण अनुभाग की अध्यक्ष डॉ. साधना ठाकुर, जल शक्ति मंत्री महेन्द्र सिंह ठाकुर, शिक्षा मंत्री गोविन्द सिंह ठाकुर, विधायक अनिल शर्मा, इंद्र सिंह गांधी, जवाहर ठाकुर, विनोद कुमार और प्रकाश राणा, पूर्व विधायक डीडी ठाकुर, मिल्कफेड के अध्यक्ष निहाल चंद शर्मा, वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष मोहम्मद राजबली, ब्रिगेडियर खुशाल ठाकुर, जिला भाजपा अध्यक्ष रणवीर सिंह, अध्यक्ष राज्य पर्यटन विकास बोर्ड रश्मि धर सूद, बाल कल्याण परिषद की महासचिव पायल वैद्य, मंडी नगर निगम की महापौर दीपाली जसवाल, जिला परिषद अध्यक्ष पाल वर्मा, पुलिस अधीक्षक मंडी शालिनी अग्निहोत्री, लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता अजय गुप्ता भी इस अवसर पर उपस्थित थे।

भेंट

 

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here