हिप्र चुनावः माइनस 6 डिग्री सेल्सियस में 100 फीसदी मतदान

361
photo source: twitter/ani

शिमला, 12 नवंबर। हिमाचल प्रदेश में आज हुए विधानसभा चुनाव में 412 प्रत्याशियों का भविष्य ईवीएम में कैद हो गया। यहां पर मतदाताओं में मतदान को लेकर जबरदस्त उत्साह देखा गया।
लाहौल-स्पीति जिले के टशीगंज मतदान केंद्र पर माइनस छह डिग्री सेल्सियस के बीच 100 फीसदी मतदान हुआ। पूरे हिमाचल प्रदेश में अभी तक 74.61 फीसदी मतदान की जानकारी मिली है। बेल्ट पेपर की गणना के बाद इसके 75 फीसदी से ऊपर पहुंचने की संभावना है।
हिमाचल प्रदेश की 68 विधानसभा सीटों के लिए आज हुए मतदान के लिए मतदान केंद्रों पर सुबह से ही लाइन देखने को मिली। कई केंद्रों पर शाम पांच बजे के बाद भी मतदान हुआ। सोलन में 86, कुल्लू में 40, मंडी में 35, ऊना में 26 और हमीरपुर में पांच मतदान केंद्रों पर देर तक मतदान होता रहा। वहीं, कुछ जगहों पर ईवीएम की खराबी और अन्य कारणों के चलते देर रात तक मतदान चला। नालागढ़ के ढरोली में रात 10.37 बजे तक मतदान हुआ। इसलिए मत प्रतिशतता बढ़ने की संभावना है।
सबसे अधिक मतदान दून विधानसभा क्षेत्र में 85.20 फीसदी हुआ, जबकि कसुम्पटी में सबसे कम 57 फीसदी रहा। मतदान करने में सिरमौर जिला अव्वल रहा, जहां 78.00 फीसदी मतदान हुआ है और सबसे कम मत कांगड़ा जिले में 71.05 फीसदी पड़े। राज्य के 7,881 मतदान केंद्रों में सुबह 8 बजे से देर शाम तक मतदान होता रहा। मतदान के बीच राज्य में मौसम साफ रहा, जबकि बर्फ वाले क्षेत्रों में तापमान शून्य से नीचे रहा। इन क्षेत्रों में शून्य से नीचे तापमान होने पर भी मतदाता वोट डालने पहुंचे। प्रदेश में कई स्थानों पर ईवीएम के खराब होने की भी सूचना रही, जिससे चुनाव कुछ समय के लिए बाधित रहा।
चुनावी दंगल में भाजपा, कांग्रेस, आम आदमी पार्टी (आप), माकपा, बसपा और निर्दलियों समेत कुल 412 प्रत्याशियों ने अपना भाग्य अजमाया। इनमें 388 पुरुष और 24 महिला प्रत्याशी हैं। प्रदेश में कुल 55,92,828 मतदाताओं में से 28,54,945 पुरुष, 27,37,845 महिलाएं और 38 थर्ड जेंडर के नाम मतदाता सूचियों में शामिल हैं। पहली बार 80 से अधिक उम्र और दिव्यांग वोटरों को अपने घरों से मत डालने की सुविधा दी गई। इसके बावजूद कई बुजुर्गों और दिव्यांगों ने मतदान केंद्रों में पहुंचकर अपना मत डाला। मतदान के लिए 142 बूथ महिला और 37 दिव्यांग कर्मियों के हवाले रहे। प्रदेश भर में 136 आदर्श मतदान केंद्र भी बनाए गए थे। 378 अति संवेदनशील और 903 संवेदनशील मतदान केंद्र रहे।
100 फीसदी मतदान
विश्व में सबसे अधिक समुद्र तल से 15256 फीट की ऊंचाई पर स्थित लाहौल-स्पीति स्थित टशीगंग मतदान केंद्र में अधिकतम तापमान माइनस 6 डिग्री सेल्सियस रहा। ऐसे मौसम में भी यहां पर पारंपरिक वेशभूषा में सज-धज कर आए कुल 52 मतदाताओं जिनमें 30 पुरुषों और 22 महिलाओं ने 100 फीसदी मतदान किया। लाहौल-स्पीति जिले के इस मतदान केंद्र पर पहली बार 2019 में लोकसभा चुनाव के लिए मतदान हुआ था, तब भी यहां 100 फीसदी मत पड़े थे।

विस चुनावः ऊना जिले में 77.17 फीसदी मतदान

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here