विस परिसर में खालिस्‍तानी झंडे लगाने का आरोपी गिरफ्तार

428

धर्मशालवा, 11 मई। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के मुख्‍यालय धर्मशाला के तपोवन में स्थित विधानसभा परिसर के गेट पर खालिस्तान के झंडे लगाने के मामले में हिमाचल पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। पुलिस ने इस मामले के एक आरोपी को पंजाब से गिरफ्तार किया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस ने बुधवार सुबह साढ़े 8 बजे 30 वर्षीय हरबीर सिंह निवासी शुगर मिल के पास वार्ड नंबर एक रुपनगर (मोरिंडा) जिला लुधियाना को गिरफ्तार किया। इसके अलावा प्रदेश पुलिस ने बुधवार सुबह रोपड़ के चमकपुर जिले में विनीत सिंह के घर भी दबिश दी, लेकिन आरोपी पुलिस की पकड़ में नहीं आ सका। पहली गिरफ्तारी एसआईटी इंचार्ज आईपीएस विमुक्त रंजन की निगरानी में की गई है।
पुलिस की एसआईटी को जांच में पता चला था कि आरोपी खालिस्तान के झंडे लगाने के लिए अपने एक साथी के साथ पंजाब से हिमाचल आया था। यहां दोनों धर्मशाला के नजदीक एक होम स्टे में ठहरे हुए थे। इस दौरान वे होम स्टे से स्कूटर पर विधानसभा भवन तक गए और रात को खालिस्तान के झंडे लगाए और दीवार पर खालिस्तान लिखा। आरोपियों ने इसका वीडियो भी बनाया था। कॉल डाटा रिकॉर्ड के आधार पर पुलिस ने मोरिंडा में छापेमारी की और आरोपी को गिरफ्तार किया।
एसआईटी जल्‍द ही इस मामले में शामिल अन्‍य लोगों को भी गिरफ्तार करने की तैयारी में है। वहीं पकड़े गए आरोपी से पूछताछ के बाद यह खुलासा हो पाएगा कि वो और उसका साथी हिमाचल में कितने लोगों के संपर्क में थे और यहां उसे किससे इनको मदद मिली? वहीं इनको ऐसा करने के लिए किसने उकासाया उसकी जानकारी भी पुलिस को उगलवानी है।
सीएम ने की पुष्टि
मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने आज बताया कि धर्मशाला विधानसभा में हुई घटना में राज्य पुलिस को बड़ी सफलता प्राप्त हुई है। उन्होंने कहा कि आज सुबह पंजाब से इस घटना के एक आरोपी हरविंद्र सिंह पुत्र राजिंद्र सिंह को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने कहा कि आरोपी ने हिमाचल प्रदेश विधानसभा परिसर धर्मशाला में दीवार पर खालिस्तानी झंडा और भित्ति चित्रण के आरोपों को स्वीकार किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश पुलिस और पंजाब पुलिस के संयुक्त प्रयासों से दूसरे आरोपी विनीत सिंह को भी शीघ्र ही ढूंढकर गिरफ्तार किया जाएगा। जय राम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश पुलिस ने सभी कानूनी प्रक्रियाओं का पालन करते हुए धर्मशाला के सक्षम न्यायालय से तलाशी एवं गिरफ्तारी वारंट प्राप्त किया है।
शनिवार रात का मामला
तपोवन स्थित हिमाचल विधानसभा भवन के बाहर खालिस्तानी झंडे लगाने का मामला शनिवार देर रात का है। सुबह होते ही जब स्थानीय लोगों को इस बारे में पता चला तो मामले की सूचना पुलिस को दी गई थी। मामले की सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंच कर झंडे उतारे और दीवार पर पेंट करके नारों को मिटाया। इसके बाद यह मामला देश भर के मीडिया में छा गया और सरकार पर मामले की जांच का दबाव बन गया। इसको लेकर सरकार ने रविवार को ही जांच के लिए एसआईटी का गठन किया गया था और प्रदेश में अलर्ट कर दिया गया था।

#Khalistan flags

सीएम ने पूर्व केंद्रीय मंत्री पंडित सुखराम के निधन पर शोक जताया

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here