हिमाचल में डबल इंजन से अतुलनीय विकास

383

कुल्लू, 13 मई। मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर के नेतृत्व में हिमाचल प्रदेश ने गत साढ़े चार वर्षों में अतुलनीय विकास किया है और यह सब केंद्र और राज्य में डबल इंजन की सरकारों के प्रयासों से ही संभव हो सका है। यह बात सांसद एवं भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने आज कुल्लू के रथ मैदान में आयोजित सम्मान समारोह के अवसर पर एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए कही। यह समारोह हाल ही में संपन्न चार राज्यों के विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी की भारी जीत के उपरांत राष्ट्रीय अध्यक्ष के सम्मान में आयोजित किया गया था।
भव्य स्वागत के लिए कुल्लू की जनता का आभार व्यक्त करते हुए जगत प्रकाश नड्डा ने कहा कि कुल्लू जिले के लगभग प्रत्येक गांव के अपने देवता हैं, जिस कारण इसे देवभूमि कहा जाता है। उन्होंने कहा कि कुल्लू के लोगों का उत्साह देखकर यह स्पष्ट हो जाता है कि भारतीय जनता पार्टी राज्य में जय राम ठाकुर के नेतृत्व में एक बार पुनः सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि केवल भाजपा ही ऐसा राजनीतिक दल है, जिसने अपने सभी वायदे पूरे किए है।
जगत प्रकाश नड्डा ने कहा कि वर्तमान केंद्र सरकार भारत को विश्व गुरू बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि खसरा, जापानी बुखार, पोलियो इत्यादि के टीके बनने के बहुत वर्षों बाद भारत पहुंचे लेकिन प्रधानमंत्री नरंन्द्र मोदी के नेतृत्व में कोरोना का टीका देश में इस महामारी का पहला मामला मिलने के नौ माह के भीतर तैयार कर लिया गया। उन्होंने कहा कि देश में इस टीके की 190 करोड़ डोज लोगों को निःशुल्क उपलब्ध करवाई गई। उन्होंने कहा कि देश में विश्व का सबसे बड़ा टीकाकरण अभियान सफलतापूर्वक आरंभ किया गया। उन्होंने कोविड-19 टीके की प्रथम व द्वितीय डोज लगाने में पूरे देश में प्रथम स्थान हासिल करने पर राज्य सरकार के प्रयासों की भी सराहना की।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि केंद्र सरकार देश में 80 करोड़ से अधिक लोगों को राशन उपलब्ध करवा रही है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने यूक्रेन में फंसे 23 हजार से अधिक विद्यार्थियों को सफलतापूर्वक स्वदेश वापस पहुंचाया, जिनमें 430 से अधिक विद्यार्थी हिमाचल प्रदेश के थे। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान के विद्यार्थी भी अपने वाहनों पर भारतीय तिरंगा लगाकर यूक्रेन से बाहर निकलने में सफल रहे। उन्होंने कहा कि यह बदलते भारत की तस्वीर को बयां करता है, जो कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सशक्त नेतृत्व में ही संभव हो सका है।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने यह सुनिश्चित किया कि समाज के कमजोर वर्गों और कल्याणकारी योजनाओं के लाभ से वंचित रहे लोगों तक उनके सभी देय लाभ पहुंचे और इसलिए भाजपा चारों राज्यों में जीत हासिल कर पाई। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में 37 वर्ष के उपरांत किसी दल की सरकार पुनः बार सत्ता में आई है। उन्होंने कहा कि वहां पर 389 सीटों पर कांग्रेस के उम्मीदवारों और 377 सीटों पर आप उम्मीदवारों की जमानत जब्त हो गईं उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में पहली बार कोई सरकार अपने कार्यकाल के उपरांत पुनः सत्ता में आने में सफल हुई है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में आप उम्मीदवारों की उन सभी 68 सीटों पर जमानत जब्त हुई है, जहां से उन्होंने चुनाव लड़ा था। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी में मणिपुर में भी पहली बार अपने स्तर पर सरकार बनाई।
जगत प्रकाश नड्डा ने कहा कि कांग्रेस सरकारों ने हमेशा ही प्रदेश के हितों की अनदेखी की है और तत्कालीन प्रधानमंत्री राजीव गांधी के कार्यकाल में जब वीरभद्र सिंह प्रदेश के मुख्यमंत्री थे, उस समय राज्य का विशेष श्रेणी का दर्जा वापस ले लिया गया था। इसके विपरीत प्रधानमंत्री मोदी ने राज्य का विशेष श्रेणी का दर्जा पुनः बहाल किया।
भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर के सक्षम नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने आयुष्मान भारत और उज्ज्वला योजना में कवर न हो सके परिवारों के लिए हिमकेयर और मुख्यमंत्री गृहिणी सुविधा योजनाएं प्रारंभ की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर के नेतृत्व में राज्य में वर्तमान सरकार के कार्यकाल में 6 हजार किलोमीटर से अधिक सड़कों का निर्माण किया गया।
इससे पूर्व, भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष का भुंतर से लेकर रथ मैदान कुल्लू तक लोगों ने बड़े उत्साह से स्वागत किया।
मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने इस अवसर पर कहा कि यह हमारे लिए सौभाग्य की बात है कि प्रदेश की मिट्टी का बेटा आज विश्व के सबसे बड़े राजनैतिक दल का नेतृत्व कर रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष के साथ कार्य के दौरान की मधुर स्मृतियां लगभग सभी कार्यकर्ताओं से जुड़ी हैं। उन्होंने कहा कि यह केवल भाजपा में ही संभव है कि एक साधारण परिवार से निकला आम व्यक्ति विश्व के सबसे बड़े दल का नेतृत्व कर रहा है। उन्होंने कहा कि देश के लिए भी यह सौभाग्य की बात है कि हमारा नेतृत्व विश्व नेता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने हिमाचल प्रदेश को सदैव अपना दूसरा घर माना है और राज्य की विकासात्मक मांगों के प्रति उनका दृष्टिकोण हमेशा उदार रहा है।
ठाकुर ने कहा कि भाजपा के कार्यकाल में राज्य को आईआईएम और एम्स जैसी परियोजनाएं स्वीकृत हुई। उन्होंने कहा कि चंबा, सिरमौर, हमीरपुर, मंडी में आयुर्विज्ञान महाविद्यालय भी केंद्र में भाजपा की सरकार के समय ही संभव हो सके हैं। उन्होंने कहा कि केन्द्र और राज्य में डबल इंजन सरकारों के कारण ही सभी राष्ट्रीय राजमार्ग और फोरलेन परियोजनओं का निर्माण भी संभव हुआ है। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार का कार्यकाल उपलब्धियों भरा रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री गृहिणी सुविधा योजना, सहारा योजना, हिमकेयर, मुख्यमंत्री शगुन जैसी योजनाएं समाज के कमजोर वर्गों के लिए वरदान साबित हो रही हैं।
जय राम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस नेता प्रदेश में सत्ता में आने के सपने देख रहे हैं। लेकिन, उन्हें यह पता होना चाहिए कि प्रदेश के लोगांे ने भाजपा को फिर से सत्ता में लाने का मन बना लिया है ताकि प्रदेश का विकास निर्बाध जारी रहे। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकारों की विकासात्मक नीतियों और कार्यक्रमों के कारण देश के सभी चार राज्यों में भाजपा सरकारें पुनः सत्तासीन हुईं। उन्होंने कहा कि इन चार राज्यों में मिली हार के बाद कांग्रेस नेता शीत निद्रा में चले गए हैं।
सांसद और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय भाजपा अध्यक्ष का प्रदेश में यह चौथा दौरा है, जो प्रदेश और प्रदेशवासियों के प्रति उनके स्नेह को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य की डबल इंजन की सरकारें प्रदेश में तीव्र विकास सुनिश्चित कर रही हैं।
जनजातीय विकास मंत्री डॉ. रामलाल मारकंडा, शिक्षा मंत्री गोविन्द सिंह ठाकुर, हिमाचल प्रदेश भाजपा के प्रभारी अविनाश राय खन्ना, सह प्रभारी संजय टंडन, प्रदेश भाजपा महासचिव एवं सुन्दरनगर के विधायक राकेश जमवाल, विधायक जवाहर ठाकुर, सुरेंद्र शौरी, हीरा लाल, कर्नल इंद्र सिंह, विनोद कुमार, इंद्र सिंह गांधी, पूर्व सांसद महेश्वर सिंह, मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार त्रिलोक जमवाल, विभिन्न संगठनों के महासचिव, विभिन्न बोर्डों और निगमों के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष इस अवसर पर उपस्थित थे।

घर-द्वार के पास बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं देने को प्रतिबद्ध

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here