प्रदेश सरकार समाज के सभी वर्गो के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध: बिक्रम ठाकुर

825

कहा- वर्तमान सरकार के कार्यकाल में जनहित की अनेक योजनाएं की जा रही कार्यान्वित
धर्मशाला, 15 जुलाई। उद्योग, परिवहन तथा श्रम एवं रोजगार मंत्री बिक्रम सिंह ठाकुर ने आज संयुक्त कार्यालय परिसर जयसिंहपुर में विभिन्न विकास कार्यों को समयबद्ध पूरा करने को लेकर विभिन्न विभागों के उपमंडल स्तरीय अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने अधिकारियों को विभिन्न विकासात्मक कार्यों को समयबद्ध पूरा करने के निर्देश दिये।
उद्योग मंत्री ने कहा कि सभी अधिकारी पूर्ण जवाबदेही, ईमानदारी एवं पारदर्शिता के साथ कार्यों का गुणवत्तापूर्ण रूप से समय पर निष्पादन करना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर की वर्तमान सरकार आम आदमी की सरकार है। समाज के सभी वर्गों तक कल्याणकारी योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचाना तथा कमजोर वर्गों का सामाजिक आर्थिक उत्थान प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है।
उन्होंने विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि वे आमजन की समस्याओं को तत्परता के साथ निपटाएं। उन्होंने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार ने साढ़े तीन साल के अपने कार्यकाल में जनहित की अनेक योजनाएं सफलतापूर्वक कार्यान्वित की हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश तथा जिले की जनता को इन सभी योजनाओं का लाभ तभी प्राप्त होगा जब अधिकारी एवं कर्मचारी समर्पित प्रयास कर लक्षित वर्गों तक समयबद्ध तरीके से इन्हें पहुंचाएंगे।
उद्योग मंत्री ने कहा कि किसानों की आय को दोगुना करने के लिए प्रदेश सरकार वचनबद्ध है। उन्होंने कहा कि जलस्त्रोतों के उचित प्रबंधन और घर-घर तक नल से जल पहुंचाने के लक्ष्य को पूरा करने के लिए प्रदेश सरकार पूरी निष्ठा से कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार और जल शक्ति विभाग तो अपने स्तर पर जलापूर्ति और जल प्रबंधन के लिए कार्य कर ही रहा है लेकिन समाज भी इसे अपना परम कर्तव्य समझकर जलस्रोतों को साफ रखें और जलप्रबंधन के साथ-साथ जल संरक्षण पर भी पूरा ध्यान दे। उन्होंने सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न जन-कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए लोगों से इनका लाभ उठाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि विभिन्न विभागों के अधिकारी व पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधि यह सुनिश्चित करें कि क्षेत्र में कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।

बिक्रम सिंह ठाकुर ने कहा कि बैठकों के माध्यम से जहां प्रदेश सरकार को योजनाओं की सफलता एवं कमियों की जानकारी मिलती है वहीं अधिकारियों को भी योजना कार्यान्वयन में किये जाने वाले बदलावों का पता चलता है। उन्होंने कहा कि आमजन को प्रदेश सरकार से अनेक अपेक्षाएं हैं। प्रदेश सरकार अपने अधिकारियों एवं कर्मचारियों के सहयोग समन्वय एवं परिश्रम के माध्यम से जन अपेक्षाओं पर खरा उतरेगी।
इस अवसर पर विधायक रविन्द्र धीमान ने उद्योग मंत्री का जयसिंहपुर में पहुंचने पर स्वागत किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के कुशल नेतृत्व में जयसिंहपुर विधानसभा क्षेत्र का सर्वागींण विकास सुनिश्चित किया जा रहा है। क्षेत्र में पेयजल, सिंचाई, शिक्षा, स्वास्थ्य के क्षेत्रों में विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार ने जयसिंहपुर विधानसभा क्षेत्र के तहत आने वाले सभी क्षेत्रों की दिक्कतों को समझते हुए साढ़े तीन वर्ष के कार्यकाल में विकास के नए आयाम स्थापित किये हैं।
उद्योग मंत्री ने उपमंडलाधिकारी जयसिंहपुर पवन कुमार शर्मा को निर्देश दिये कि उपमंडल में कार्यान्वित की जा रही विभिन्न योजनाओं एवं विकास कार्यों का नियमित अनुश्रवण सुनिश्चित बनाएं ताकि कार्यों की प्रगति का पता चल सके। उन्होंने विधायक प्राथमिकता वाले कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिये।
इस अवसर पर एसडीएम जयसिंहपुर पवन कुमार शर्मा, एसडीएम पालमपुर डॉ. अमित गुलेरिया, नायव तहसीलदार राज गोपाल, नीरज शर्मा, खंड विकास अधिकारी निशांत तोमर, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग राज कुमार धीमान, आरएम एचआरटीसी उत्तम सिंह, डीएसपी वीडी भाटिया, जल शक्ति विभाग से अधिशाषी अभियंता अनिल पुरी, डीएफओ नितिन पाटिल, जिला रोजगार अधिकारी शम्मी शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी व गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

VC Nauni Calls on Governor

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here