ट्रांस गिरी क्षेत्र को अनुसूचित जनजाति का दर्जा देने पर मोदी का आभार जताया

303

शिमला, 14 सितंबर। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने सिरमौर जिले के ट्रांस गिरी क्षेत्र के लोगों को अनुसूचित जनजाति का दर्जा प्रदान करने के लिए केंद्र सरकार और विशेष तौर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त किया। केंद्रीय मंत्रिमंडल ने आज नई दिल्ली में आयोजित बैठक में इसे स्वीकृति प्रदान की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार ने ट्रांस गिरी क्षेत्र के लोगों को पड़ोसी राज्य उत्तराखंड के लोगों के समान अनुसूचित जनजाति का दर्जा प्रदान करने की चिर लंबित मांग को पूरा किया है, क्योंकि इन क्षेत्रों की संस्कृति और भौगोलिक स्थिति एक-दूसरे से मिलती-जुलती है। उन्होंने कहा कि इस ऐतिहासिक निर्णय से सिरमौर जिले की 1.60 लाख से अधिक की आबादी लाभान्वित होगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह निर्णय क्षेत्र के लोगों की समृद्ध संस्कृति और परंपराओं के संवर्द्धन और क्षेत्र के विकास को गति प्रदान करने में सहायक सिद्ध होगा। उन्होंने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार ने सत्ता में आने के पश्चात् केंद्रीय नेतृत्व के समक्ष इस मामले को प्रभावी ढंग से रखा था। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और अन्य केंद्रीय नेतृत्व ने हाटी समुदाय के इस भावनात्मक मुद्दे में विशेष रूचि व्यक्त की थी।
जय राम ठाकुर ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश की जनता की उचित मांगों को पूर्ण करने के लिए सदैव तत्पर है और इस मामले को केंद्र सरकार के समक्ष प्रभावशाली तरीके से प्रस्तुत किया गया जिसके सार्थक परिणाम आज सामने आए हैं।

राज्यपाल ने नीट-2022 के प्रदेश टॉपर आदित्य को सम्मानित किया

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here