प्रियंका का एलान, सत्ता में आते ही देंगे 1 लाख सरकारी नौकरियां और ओपीएस करेंगे बहाल

291

सोलन, 14 अक्टूबर। कांग्रेस की राष्‍ट्रीय महामंत्री प्रियंका गांधी ने ठोडो मैदान में आयोजित रैली को संबोधित करते हुए ऐलान किया है कि प्रदेश में कांग्रेस के सत्‍ता में आते ही मंत्रिमंडल की पहली बैठक में 1 लाख सरकारी नौकरियां देने और ओल्ड पेंशन स्कीम को लागू करने का फैसाला लिया जाएगा।
हिमाचल प्रदेश में चुनाव की घोषणा से पहले आयोजित इस रैली में प्रियंका ने कांग्रेस के प्रचार अभियान की जोरदार शुरुआत की। उन्‍होंने कहा कि कांग्रेस के सत्‍ता में आने पर 5 लाख सरकारी नौकरियां दी जाएंगी। उन्होंने कहा कि जो युवा अपने छोटे-मोटे स्टार्टअप लगाना चाहते हैं, उसके लिए 684 करोड़ रुपये का एक बजट अनुदान देने के लिए रखा जाएगा। इसमें जीरो प्रतिशत ब्याज की दर से उपलब्ध करवाया जाएगा।
उन्‍होंने कहा कि कांग्रेस सरकार प्रदेश में फ्रूट प्रोसेसिंग पार्क बनाएगी। उन्‍होंने बताया कि कांग्रेस शासित तीन राज्यों में ओपीएस लागू हो चुका है। कांग्रेस सत्‍ता में आने पर हिमाचल में भी यह वायदा निभाएगी। उन्होंने जयराम सरकार को घेरते हुए कहा कि यह सरकार कर्मचारियों, बागवानों व किसानों की न होकर उद्योगपतियों की सरकार है। जयराम सरकार ने किसानों व बागवानों के उत्पाद का मूल्य निर्धारित किया, मगर कांग्रेस किसानों व बागवानों को उनकी फसलों का मूल्य निर्धारण करने की शक्ति उन्हें देगी।
प्रियंका ने भाजपा की प्रदेश सरकार पर पीपीई किट घोटाला, पुलिस भर्ती घोटाला व प्रदेश विश्वविद्यालय में एडमिशन घोटाला करने का आरोप लगाया। उन्‍होंने हिमाचल को अपना घर बताते हुए कहा कि उनकी दादी पूर्व प्रधानमंत्री स्‍व. इंदिरा गांधी का सपना था कि हिमाचल के मशोबरा में उनका एक घर हो। उन्‍होंने कहा कि जब वे और राहुल गांधी छोटे थे तो उनकी दादी कहा करती थी कि रिटायरमेंट के बाद मैं मशोबरा में रहूंगी। उनके शहीद होने पर उनकी इच्छानुसार उनकी अस्थियां भी हिमालय में बिखेरी गई।
प्रियंका ने कहा कि उनकी दादी को हिमाचलियों से बहुत प्यार था। 25 जनवरी 1971 को जब हिमाचल पूर्ण राज्य बना तो भारी बर्फबारी के बीच इंदिरा जी को सुनने के लिए जनता अपने स्थान से टस से मस नहीं हुई थी। लोगों को इंदिरा से व इंदिरा को हिमाचल से अथाह प्यार था। उन्होंने कांग्रेस के मुख्‍यमंत्रियों वीरभद्र सिंह, डॉ. वाईएस परमार द्वारा हिमाचल में किए गए विकास कार्यों को भी लोगों को याद करवाया।
उन्‍होंने भाजपा को अग्‍निवीर की भर्ती को लेकर भी घेरा और कहा कि सरकार ने सैनिकों की भर्ती में अग्निवीर लाकर हिमाचल के युवाओं की देश रक्षा की भावनाओं को आहत किया है। इस अवसर पर मुकेश अग्निहोत्री, सुखविंद्र सिंह सुक्खू, प्रतिभा सिंह, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और हिमाचल के प्रभारी राजीव शुक्ला ने भी रैली को संबोधित किया।

प्रधानमंत्री ने चंबा में दो जलविद्युत परियोजनाओं की आधारशिला रखी

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here