अब भक्त ऑनलाइन देख सकेंगे मां ज्वाला, मां ब्रजेश्वरी और मां चामुण्डा की आरती

959

शिमला, 5 नवंबर। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने आज कांगड़ा जिले की तीन शक्तिपीठों श्री ज्वालाजी, श्री ब्रजेश्वरी और श्री चामुण्डा जी से आरती के सीधे प्रसारण का शुभारंभ किया। इससे पूर्व उन्होंने मंदिर में शीश नवाया और पूजा अर्चना की। उन्होंने ज्वालाजी न्यास परिसर में स्थापित संत आदिगुरू शंकराचार्य की प्रतिमा के दर्शन भी किए।
जय राम ठाकुर ने आशा व्यक्त की कि कांगड़ा जिले के तीन शक्तिपीठों से आरतियों के प्रतिदिन सीधे प्रसारण से श्रद्धालुओं और भक्तों को घर बैठे पूजा और आरती के माध्यम से माता के दर्शन करने और शीश नवाने की सुविधा उपलब्ध होगी। इससे पूर्व उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के श्री केदारनाथ धाम में आयोजित कार्यक्रम में ऑनलाइन भाग लिया।
कांगड़ा के उपायुक्त डा. निपुण जिंदल ने इन शक्तिपीठों से आरती दर्शन के सीधे प्रसारण के बारे जानकारी देते हुए कहा कि श्री ज्वालामुखी मंदिर की आरती प्रतिदिन शीतकाल में शाम 8.30 से 9 बजे जबकि ग्रीष्मकाल में 9.30 बजे से 10 बजे, ब्रजेश्वरी मंदिर की आरती शीतकाल में सुबह 6 बजे से 7 बजे तक, ग्रीष्मकाल में प्रातः 5 बजे से 6 बजे तथा शीतकाल और ग्रीष्मकाल में रात्रि 7 से 8 बजे प्रसारित की जाएगी।
इसी प्रकार श्री चामुण्डा मंदिर से आरती दर्शन का सीधा प्रसारण शीतकाल और ग्रीष्मकाल में प्रतिदिन सुबह 8 से 8.30 बजे और शीतकाल में शाम 6.30 बजे से 7 बजे और ग्रीष्मकाल में शाम 8 बजे से 8.30 बजे तक होगा। इन आरतियों का प्रसारण एम.एच.1 चैनल द्वारा किया जाएगा।
केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर, उद्योग मंत्री बिक्रम सिंह, सांसद किशन कपूर, राज्य योजना बोर्ड के उपाध्यक्ष रमेश चंद ध्वाला, विधायक अर्जुन ठाकुर और राजेश ठाकुर, मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार त्रिलोक जम्वाल, प्रदेश भाजपा प्रभारी अविनाश राय खन्ना, भाजपा संगठन मंत्री पवन राणा, पुलिस अधीक्षक, निदेशक भाषा एवं संस्कृति विभाग पंकज ललित, स्थानीय नेता एवं वरिष्ठ अधिकारियों ने ज्वालामुखी मंदिर परिसर से प्रधानमंत्री के श्री केदारनाथ धाम के ऑनलाइन कार्यक्रम में भाग लिया।

मतदाता सूचियों का पुनरीक्षण 10 से

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here