आयुर्वेद को बढ़ावा देगा राज्य रेडक्राॅस

1086

शिमला, 11 जनवरी। हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने रेडक्रॉस के माध्यम से आयुर्वेदिक स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने पर बल दिया है। उन्होंने कहा कि रेडक्रॉस को लोगों की सहभागिता से एक जन आंदोलन बनाने की आवश्यकता है।
राज्यपाल जो कि राज्य रेडक्रॉस के अध्यक्ष भी हैं, आज यहां राजभवन शिमला में हिमाचल प्रदेश राज्य रेडक्रॉस की आम सभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि रेडक्रॉस जिले और राज्य स्तर पर विभिन्न स्वास्थ्य शिविरों के माध्यम से लोगों को उपचार और थेरेपी की सुविधा प्रदान कर रहा है। उन्होंने कहा कि एलोपैथी के साथ-साथ आयुर्वेद चिकित्सा पद्धति को भी इसके माध्यम से प्रोत्साहित करने के लिए प्रयास किए जाने चाहिए। उन्होंने कहा कि कोरोना वायरस के दौरान लोगों का आयुर्वेद के प्रति रूझान बढ़ा है। उन्होंने कहा कि देश के बहुत से राज्यों में कोविड रोगियों को अलग से आयुर्वेद चिकित्सा अस्पताल स्तर पर उपलब्ध करवाई गई और इसके सकारात्मक परिणाम प्राप्त हुए हैं।
उन्होंने कहा कि हम एक नई पहल करते हुए इसे आजादी का अमृत महोत्सव आयोजन के साथ जोड़ सकते हैं और जिला स्तर पर आयुर्वेद शिविरों का आयोजन कर सकते हैं।
आर्लेकर ने कहा कि जिला रेडक्रॉस की शाखाएं इसके लिए एक कार्य योजना तैयार करें जिसमें कि आगामी 5 से 6 वर्षों की गतिविधियों का ब्यौरा हो ताकि यह एक क्रांति के रूप में परिवर्तित हो जाए और रेडक्रॉस के साथ भविष्य में काम करने वाले अधिकारियों के लिए भी प्रेरक हो। उन्होंने कहा कि जिला स्तर पर रेडक्रॉस के माध्यम से बेहतर कार्य हो रहा है मगर हमें अधिक से अधिक लोगों को इस अभियान के साथ जोड़ना होगा और उन्हें रेडक्रॉस की विभिन्न गतिविधियों में योगदान के लिए प्रेरित करना होगा। उन्होंने कहा कि गत 2 वर्षों में लगभग प्रत्येक क्षेत्र कोरोना महामारी के कारण प्रभावित हुआ है। रेडक्रॉस की गतिविधियां भी इस कारण उस स्तर तक नहीं पहुंच पाई, फिर भी कुछ जिलों में बेहतर कार्य के उदाहरण अन्यों के लिए अनुकरणीय हैं।
उन्होंने कहा कि रेडक्रास से जुड़े प्रत्येक सदस्य को यह समझने की आवश्यकता है कि यह एक अंतरराष्ट्रीय संगठन है और उनके कार्य की उत्कृष्टता को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलती है। उन्होंने कहा कि जिला रेडक्रॉस शाखा के अध्यक्ष जमीनी स्तर पर कार्य करते हैं और उन्हें स्थिति की वास्तविकता और कठिनाइयों का बेहतर ज्ञान होता है। ऐसे में उन्हें इस अभियान को सही दिशा में आगे ले जाना होगा।
राज्यपाल ने कनिष्ठ और युवा रेडक्रॉस गतिविधियों को स्कूल, महाविद्यालय और विश्वविद्यालय स्तर पर आयोजित करने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि इसके तहत पूरे राज्य के लिए एक समान प्रारूप तैयार किया जाए। उन्होंने कहा कि आपदा प्रबंधन से संबंधित प्रशिक्षण भी युवा और कनिष्ठ रेडक्रॉस गतिविधियों में शामिल किया जाए। उन्होंने उपायुक्तों को लिखित में अपने सुझाव प्रेषित करने के भी निर्देश दिए।
बैठक में वर्ष 2022-23 में वरिष्ठ नागरिकों की स्वास्थ्य जांच के लिए स्वास्थ्य शिविर लगाने, स्कूलों और महाविद्यालयों में नशा निवारण शिविरों के आयोजन और कोरोना वायरस के ओमिक्रोन वैरीएंट के बारे में सामुदायिक स्तर पर जागरूकता शिविर लगाने का निर्णय लिया गया।
इस अवसर पर राज्यपाल ने जिला रेडक्रॉस शाखा कुल्लू, सोलन और सिरमौर को उनके बेहतरीन कार्य के लिए प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। कुल्लू के उपायुक्त आशुतोष गर्ग, सोलन की उपायुक्त कृतिका कुल्हारी और सिरमौर के उपायुक्त रामकुमार गौतम ने यह सम्मान प्राप्त किया।
इससे पूर्व, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. राजीव सैजल ने रेडक्रॉस गतिविधियों के विस्तारीकरण पर बल दिया और कहा कि रेडक्रॉस ने पीडि़त मानवता की सेवा में हमेशा से सराहनीय कार्य किया है। उन्होंने कहा कि आपदा प्रबंधन तथा जागरूकता कार्यक्रम लोगों के लिए हमेशा लाभदायक रहे हैं और राज्य सरकार तथा रेडक्रॉस के संयुक्त तत्वावधान में इस दिशा में बेेहतर कार्य किए जा सकते हैं।
भारतीय रेडक्रॉस की राष्ट्रीय प्रबंधन इकाई की सदस्य एवं अस्पताल कल्याण समिति की अध्यक्ष डॉ. साधना ठाकुर ने बैठक की समीक्षा के लिए राज्यपाल का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि अस्पताल कल्याण समिति को जिला स्तर पर सुदृढ करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि अगामी वित्त वर्ष में रेडक्रॉस के माध्यम से बालिकाओं के लिए किशोरी स्वास्थ्य सेवा संबंधित गतिविधियां आयोजित की जा सकती हैं। उन्होंने विशेष रूप से सक्षम बच्चों के लिए शिविर आयोजित करने तथा उप-मंडल स्तर पर रेडक्रॉस मेलों का आयोजन करने पर बल दिया।
राज्यपाल के सचिव एवं राज्य रेडक्रॉस के महासचिव विवेक भाटिया ने बैठक का संचालन किया तथा धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर अध्यक्ष, उप-संरक्षक तथा जिला रेडक्रॉस समितियों के आजीवन सदस्यों ने अपने बहुमूल्य सुझाव दिए।
हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग की वरिष्ठ सदस्या डॉ. रचना गुप्ता, निदेशक स्वास्थ्य डॉ. अनिता महाजन, निदेशक उच्च शिक्षा डॉ. अमरजीत शर्मा तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी इस अवसर पर उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री ने वरिष्ठ पत्रकार हेमंत चौहान की माता के निधन पर शोक जताया

 

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here