हिमाचल पहुंचा झाडू, केजरी बोले- ‘हम स्‍कूल खोलना, भ्रष्‍टाचार मिटाना जानते हैं राजनीति नहीं’

366

मंडी, 6 अप्रैल। पंजाब में सभी पार्टियों पर झाडू फेरने के बाद अब आम आदमी पार्टी ने पहाड़ी राज्‍य हिमाचल का रूख कर लिया है। हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में दिल्ली के मुख्‍यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने रोड शो करके यहां की राजनीति को गर्मा दिया है और इसी के साथ ही देवभूमि में आप की आफिशियल लाँचिंग हो गई है। आप ने मुख्‍यमंत्री जयराम ठाकुर के गृह जिले में भाजपा के स्‍थापना दिवस पर अपना कार्यक्रम रखकर यह संदेश देने की कोशिश की है कि आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा का मुकाबला आप से होने जा रहा है।
इस अवसर पर अरविंद केजरीवाल ने हिमाचल की जनता से आम आदमी पार्टी को एक मौका देने की अपील करते हुए कहा कि आपने 30 साल कांग्रेस को दिए हैं, जबकि 17 साल भाजपा को भी मौका देकर देख लिया है। अब आम आदमी पार्टी को 5 साल के लिए मौका दे दीजिए, हम दिखा देंगे कि वास्तव में विकास क्या होता है। अरविंद केजरीवाल ने कहा कि हम नहीं जानते कि राजनीति कैसे की जाती है। लेकिन हम यह जानते हैं कि कैसे स्कूल खोले जाते हैं और भ्रष्टाचार समाप्त किया जाता है।
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि हमने दिल्ली में विकास किया है और पंजाब को भी उसी रास्ते पर आगे ले जा रहे हैं। खुली जीप में रोड शो के दौरान अरविंद केजरीवाल ने तीन जगह जनता को संबोधित किया और कहा कि भाजपा और कांग्रेस ने हिमाचल को लूटने का ही काम किया है। हमें सिर्फ 5 साल दे दो, यदि आप संतुष्ट न हों तो फिर हमें हटा सकते हैं। उन्‍होंने कांग्रेस के साथ-साथ भाजपा को भी परिवारवादी पार्टी बताया और कहा कि आप आम आदमी की पार्टी है, जिसका एकमात्र मकसद विकास करना है।


रोड शो को संबोधित करते हुए अरविंद केजरीवाल ने कहा कि सबसे पहले हमने दिल्ली से भ्रष्टाचार को खत्म किया। इसके बाद पंजाब में हमने भ्रष्टाचार की नकेल कस दी। अब बारी हिमाचल प्रदेश की है। हिमाचल प्रदेश में जो भ्रष्टाचार की गहरी जड़ें हैं, आम आदमी पार्टी की सरकार बनेगी, तो हम उसे भी उखाड़ फेंकेंगे। अरविंद केजरीवाल ने कहा कि हमने मात्र 20 दिन में पंजाब में भ्रष्टाचार का अंत कर दिया। जब से भगवंत मान साहब पंजाब के मुख्यमंत्री बने हैं, उन्होंने भ्रष्टाचार को मिटाने का बीड़ा उठा रखा है। इतने ही दिनों में भ्रष्टाचार करने वाले सुधर गए हैं। अरविंद केजरीवाल ने कहा कि पंजाब वालों ने क्रांति कर दी। अब ऐसी ही क्रांति हिमाचल प्रदेश में भी होने वाली है।
मान ने दिखाया अपना अंदाज
इस दौरान भगवंत मान ने अपने ही अंदाज में संबोधन किया। उन्‍होंने मंडी के लोगों का हाल पूछा और याद करते हुए कहा कि मैंने कई बार यहां शिवरात्रि के उत्सव में परफॉर्म किया है। इसके बाद उन्‍होंने भारत माता की जय, इंकलाब जिंदाबाद और जो बोले सो निहाल… के नारे लगाए। उन्‍होंने कहा कि इस शानदार स्वागत के लिए वह यहां जनता का स्वागत करते हैं।
रोड शो में भगवंत मान कांग्रेस पर ज्यादा हमलावर दिखे। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ऐसी पार्टी है जिसमें कई नेता साठ वर्ष से ऊपर हो गए हैं और वे अभी भी युवा नेता की श्रेणी में आते हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस मात्र परिवार की पार्टी है और वह मिटने की कगार पर है।
रोड शो की सफलता से गदगद आप, ट्विटर और मीडिया में छाई
आज के रोड शो में हुए जोरदार स्‍वागत से आप गदगद है। आप पार्टी और इसके नेताओं ने अपने ट्विटर हैंडल पर मंडी के रोड शो की तस्‍वीरें, वीडियो शेयर करके पंजाब के बाद पहाड़ी राज्‍य हिमाचल में चढ़ाई करने का ऐलान कर दिया है। ज्ञात रहे कि इसी साल हिमाचल प्रदेश और गुजरात में नवंबर में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। दोनों ही राज्यों में आम आदमी पार्टी तीसरे विकल्प के तौर पर उभरने की कोशिश कर रही है। हालांकि 2014 के लोकसभा चुनाव में भी आम आदमी पार्टी ने हिमाचल में ऐसी कोशिश की थी, लेकिन उसके 4 में से तीन उम्मीदवारों की जमानत जब्त हो गई थी। इसके बाद वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी ने हिस्सा ही नहीं लिया था। लेकिन इस बार विधानसभा चुनाव के अलावा आम आदमी पार्टी ने ना केवल प्रदेश की सभी 68 सीटों पर उम्‍मीदवार उतारने का ऐलान किया है, बल्‍कि शिमला निकाय चुनाव में भी उतर कर विरोधियों को साफ संदेश देने की कवायद में है। आप के ट्विटर हैंडल पर अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान की एक तस्वीर शेयर करते हुए लिखा है- ‘बज चुका है हिमाचल में बदलाव का बिगुल!‘
कर्मचारियों की नजरें ‘आप’ पर
हिमाचल प्रदेश में आम जनता से ज्‍यादा सरकारी कर्मचारियों की नजरें आप की पंजाब में की जाने वाली परफॉरमेंस पर टिकी हुई हैं। माना जा रहा है कि अगर आम आदमी पार्टी पंजाब में पुरानी पेंशन बहाली कर देती है और हिमाचल में भी ऐसे ही वादे के साथ उतरती है, तो कर्मचारियों का रूख उसकी ओर होना तय है। लिहाजा आम आदमी पार्टी को हिमाचल में जड़े जमाने के लिए कर्मचारियों को अपने पाले में लाने के लिए पंजाब में वादे पूरे करके दिखाने होंगे।

हमीरपुर-नादौन-शिमला के युवाओं ने ‘आप’ को अपनाया

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here