देहरा, 5 दिसंबर। नागालैंड के दीमापुर में ड्यूटी के दौरान 24 असम रायफल्स के जवान संदीप अवस्थी का हृदय गति रुकने से निधन हो गया। अवस्थी की पार्थिव देह आज कांगड़ा जिले के देहरा तहसील के हरिपुर गांव पहुंची, जहां उन्हें अंतिम विदाई देने के लिए पूरा गांव उमड़ पड़ा।
हरिपुर स्थित श्मशानघाट पर शहीद का सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। बेटी सुधांशी ने अपने पिता की पार्थिव देह को मुखाग्नि दी।
अंतिम संस्कार में देहरा कि विधायक कमलेश ठाकुर, डीएसपी और अन्य प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद थे। इसके अलावा क्षेत्र के सैकड़ों लोग भी शहीद को श्रद्धांजलि देने पहुंचे। सैन्य जवानों ने शहीद को गार्ड ऑफ ऑनर दिया और पूरे सम्मान के साथ उन्हें अंतिम विदाई दी।
जताया शोक
शिमला। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू और उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने 24 असम राइफल्स के नायब सूबेदार संदीप कुमार की शहादत पर शोक व्यक्त किया है।
सुक्खू ने कहा कि संदीप कुमार ने देश के लिए सर्वाेच्च बलिदान दिया। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिवार को इस अपूर्णीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है।
उप-मुख्यमंत्री अग्निहोत्री ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिवार को इस क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है।