पहले शादी का झांसा देकर बनाए शारीरिक संबंध, फिर किया गैंगरेप!

229

ऊना, 26 मार्च। हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले की एक 35 वर्षीय महिला ने कांगड़ा जिले के देहरा थाना क्षेत्र के रहने वाले एक फौजी के खिलाफ पहले शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने और फिर घर बुलाकर गैंगरेप करने का मामला दर्ज करवाया है। ऊना पुलिस ने कांगड़ा जिले के बरवाड़ा गांव निवासी सेना में कार्यरत सैनिक, उसकी पत्नी, माता और बहन समेत कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। मामले में कुछ और लोगों की भी संलिप्तता बताई जा रही है। पुलिस जांच में जुटी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार महिला थाना पहुंची 35 साल की पीडि़ता ने बताया कि भारतीय सेना में कार्यरत सैनिक करीब 2 वर्ष पूर्व उसके संपर्क में आया था। आरोपी जब भी छुट्टी पर आता था उसके घर में रहता था और उसने शादी का झांसा देकर उसके साथ कई बार शारीरिक संबंध बनाए। पीडि़ता के अनुसार 22 मार्च को भी आरोपी ने शारीरिक संबंध बनाए। इस बार जब वह शादी करने की मांग पर अड़ गई, तो आरोपी ने उसे और उसके परिवार के लोगों को बात करने के लिए अपने घर बुलाया।
महिला ने बताया कि वह अपने भाई-भाभी और एक अन्य सहेली को लेकर कांगड़ा जिले के बरवाड़ा गांव पहुंची, वहां आरोपी सैनिक और उसके परिवार के लोगों ने अन्य लोगों के साथ मिलकर उसे एक अलग कमरे में बंद कर दिया। महिला का आरोप है कि कमरे में मनीष कुमार और कुछ अन्य लोगों ने जबरन उसके साथ गलत हरकतें की और उसके गुप्तांग में डंडा तक घुसाने का प्रयास किया गया, जिसमें वह बुरी तरह लहूलुहान हो गई।
दूसरी तरफ पीडि़ता के परिवार के लोगों के साथ भी बुरी तरह मारपीट की गई। पीडि़ता ने बताया कि आरोपियों ने अपने बचाव के लिए पहले से मौके पर पुलिस बुला रखी थी, जबकि कांगड़ा पुलिस ने भी उनकी एक नहीं सुनी। शिकायतकर्ता ने बताया कि वे वहां से किसी तरह बचकर भागे। पीडि़ता ने बताया कि संपर्क में आने के बाद आरोपी सैनिक उसे पंजाब नेशनल बैंक के एक खाते से नियमित रूप से खर्चा भी भेजता रहता था, जबकि शादी की बात करने गई पीडि़ता और उसके परिवार को आरोपी के घर जाकर पता चला कि वह पहले से शादीशुदा है और उसके दो बच्चे भी हैं।
पीडि़ता ने आरोपी की पत्नी, माता और बहन पर कई सनसनीखेज आरोप लगाते हुए पुलिस को शिकायत सौंपी है। पुलिस ने महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म करने, मारपीट करने और उसे जाति सूचक शब्द बोलने के आरोप में विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

सीएम ने वरिष्ठ पत्रकार वर्मा के निधन पर शोक व्यक्त किया

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here