कोरोना से लड़ाई को तैयार बरेली, प्रति मिनट होगा 500 लीटर ऑक्सीजन का उत्पादन

828

बरेली, 7 अक्टूबर। पूर्वोत्तर रेलवे, मंडल चिकित्सालय, इज्जतनगर में नवस्थापित 500 लीटर प्रति मिनट क्षमता के पी.एस.ए. ऑक्सीजन जेनेरेशन प्लांट का उद्घाटन बरेली के नगर विधायक डा. अरुण कुमार ने फीता काटकर किया।
जनसमूह को संबोधित करते हुए नगर विधायक डा. अरुण कुमार ने हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि रेलवे मंडल चिकित्सालय शहर का बड़ा अस्पताल है। यहां कोविड-19 की प्रथम एवं द्वितीय लहर के दौरान न केवल रेलकर्मियों का बल्कि शहर की आम जनता को भी चिकित्सीय लाभ मिला। मंडल चिकित्सालय ने कोरोना संक्रमण की दोनों लहर के दौरान संक्रमित रोगियों की जो सेवा की उसकी मैं तहेदिल से सराहना करता हूं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति सहृदय आभार व्यक्त किया कि उनके मार्गदर्शन में देश विभिन्न शहरों में ऑक्सीजन प्लांट स्थापित कर देश को ऑक्सीजन के आपूर्ति के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने का मार्ग प्रशस्त किया है। उन्होंने कहा कि वैसे तो कोरोना की तीसरी लहर नहीं आने वाली है, फिर भी मंत्री के उक्त कदम के बलबूते देश उससे निपटने के लिए तैयार है।
इसके पूर्व मंडल रेल प्रबंधक आशुतोष पंत ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया। स्वागत संबोधन में मंडल रेल प्रबंधक पंत ने कहा कि मंडल चिकित्सालय इज्जतनगर 500 लीटर प्रति मिनट क्षमता के पी.एस.ए. ऑक्सीजन जेनेरेशन प्लांट की स्थापना से मंडल चिकित्सालय ऑक्सीजन आपूर्ति के क्षेत्र में आत्मनिर्भर हो गया है। इसकी स्थापना से न केवल रेल कर्मियों को लाभ होगा अपितु भविष्य में बरेली शहर के विभिन्न चिकित्सालयों को आपातकाल के दौरान आक्सीजन आपूर्ति का लाभ मिल सकेगा।
इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक (परिचालन) अजय वार्ष्णेय, अपर मंडल रेल प्रबंधक (इंफ्रास्ट्रक्चर) विवेक गुप्ता, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डा. अरुण खुन्नू, अपर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डा. बी.एन. चौधरी, अपर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डा. ए.ए. खान, शाखा अधिकारी सहित मंडल चिकित्सालय के चिकित्सक एवं पैरामेडिकल स्टाफ उपस्थित थे।

कैंडल मार्च

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here