मेले से लौट रही कार गहरी खाई में गिरी, चार की मौत

443

देहरादून, 17 अप्रैल। उत्तराखंड के देहरादून जिले में कल देर रात मेले से लौट रही कार के गहरी खाई में गिरने से चार लोगों की मौत हो गई और एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। गंभीर रूप से घायल को उप जिला चिकित्सालय विकासनगर में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार हादसा देहरादून जिले के जौनसार क्षेत्र के हाजा दसोऊ मार्ग पर कल देर रात हुआ। दसौ गांव निवासी कार सवार लोग मोइला टाप के बुग्याल में लगे बिस्सू मेला देख कर घर वापस लौट रहे थे। इस दौरान दसौ गांव से पहले कार अनियंत्रित होकर करीब चार सौ मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार दसौ निवासी प्रीतम पुत्र सूरत सिंह और बरदावर सिंह पुत्र जगत सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि गंभीर घायल संजय पुत्र महावीर और रणबीर पुत्र श्याम सिंह निवासी दसौ ने उपचार को हायर सेंटर विकासनगर अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। हादसे में गंभीर घायल जय सिंह का विकासनगर अस्पताल में उपचार चल रहा है।
हादसे की सूचना पर उप जिलाधिकारी सौरभ असवाल के निर्देशन में तहसील प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और रात के अंधेरे में स्थानीय ग्रामीणों की मदद से रेस्क्यू किया। हादसे में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत हुई है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

सुबह की सैर कर रहे रिटायर्ड हवलदार को तेज रफ्तार कार ने कुचला

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here