आखिर लोक कलाकारों का ऐसा हश्र क्यों?

209
  • कहां है वो लोग जो संस्कृति की दुहाई देते हैं!
  • अस्पताल में निढ़ाल पड़े ढोल वादक महेश गंधर्व की सुध लेने वाला कोई नहीं

कभी-कभी मुझे लगता है कि जमाने भर से बगावत कर दूं। खून उबलने लगता है और मुट्ठी जोर से भींच कर दीवारों पर दे मारने का मन करता है। आखिर ऐसा क्यों होता है कि जो चोर-उचक्के हैं वो मौज मार रहे हैं और जिनका जीवन आदर्श है। मेहनत की रोटी खाते हैं, उनके लिए दो वक्त की रोटी का जुगाड़ भी एक समस्या बन जाता है। आखिर हम लोग कब तक भगवान के सहारे जीवन यापन करेंगे? कब तक?
ये जो फोटो है, इस व्यक्ति को अधिकांश कलाप्रेमी जानते होंगे। यह महेश गंधर्व हैं। ढोलक वादक। पहाड़ का कहीं भी कार्यक्रम हो। मंच पर महेश मौजूद। जीवन गुजर गया ढोलक वादन में। मेहनत की रोटी खाई और स्वाभिमान की जिंदगी जी। आज 59 वर्षीय महेश गंधर्व निढाल हैं। दिल्ली के राम मनोहर लोहिया अस्पताल में किडनी और लीवर इंफेक्शन की बीमारी से जूझते हुए। कोई सुध लेवा नहीं।
महेश का जीवन कला का समर्पित रहा। कला ने उन्हें क्या दिया? दुगड्डा से दिल्ली पहुंचाया और वहां जीवन भर किराये के मकान में पहुंचा दिया। सब उनकी कला पर तालियां बजाते हैं, लेकिन रोटी का सवाल बड़ा है। उनकी पत्नी मोहनी के अनुसार पति पिछले 6 महीने से बीमार हैं। कुछ कमाई नहीं। एक बेटा प्राइवेट नौकरी करता है तो दूसरा बेरोजगार है।
सरकार ने कुछ मदद की? इस सवाल पर कहती है, नहीं, लेकिन कुछ लोगों ने जरूर मदद की। वह गर्व से बताती है कि उनके पति को सब जानते हैं। पर क्या सब मदद कर रहे हैं? उदास शब्दों में कहती है नहीं, कुछ ही लोग कर रहे हैं। अस्पताल सरकारी है, लेकिन दवाइयों का खर्च है। मकान का किराया दें या दवाओं का खर्च। बेटे की इत्ती सी तनख्वाह में क्या होगा?
विडम्बना है कि हम अपनी संस्कृति और कला की दुहाई तो देते हैं, लेकिन जब कलाकारों पर मुसीबत आती है तो कोई उनका साथ नहीं देता। सिनेमा की 350 का टिकट और 250 का पापकार्न तो खा लेते हैं, लेकिन स्वाभिमानी और जरूरतमंद की मदद के लिए हमारे हाथ नहीं उठते। सरकारें तो लुटेरी हो गयी हैं। हमें ही संगठित होना होगा। एक-दूसरे की मदद के लिए हाथ बढ़ाने होंगे। प्लीज महेश गंधर्व की मदद के लिए हाथ बढ़ाएं।
उनका मोबाइल नंबर 9810671957 है। जिससे जो भी मदद हो पा रही है, प्लीज कीजिए। महेश का जीवन खतरे में है।
[वरिष्‍ठ पत्रकार गुणानंद जखमोला की फेसबुक वॉल से साभार]

मानसी नेगी मामले में सफेद झूठ बोल रही हैं खेल मंत्री रेखा आर्य

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here