राजा के अंतिम दर्शनों को उमड़ा जनसैलाब, हर आंख थी नम, राहुल ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि

693

शिमला, 9 जुलाई। हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री राजावीरभद्र सिंह के अंतिम दर्शनों के लिए आज जनसैलाब उमड़ पड़ा। जहां-जहां से राजा की अंतिम यात्रा गुजरी वहां-वहां हजारों नम आंखों ने उन्हें अपनी श्रद्धांजलि दी।  इस दौरान राजा साहेब अमर रहे, देखो-देखो कौन आया…. शेर आया, शेर आया, राजा नहीं फकीर था… हिमाचल की तकदीर था… के नारों से आसमान गूंजता रहा। इस बीच, कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी राजा वीरभद्र सिंह की पार्थिव देह पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

शिमला से वीरभद्र की पार्थिव देह आज शाम लगभग 7.30 बजे उनके पैतृक निवास रामपुर बुशहर पहुंची। इस दौरान सड़क के दोनों तरफ लोगों की भीड़ नजर आ रही थी। रामपुर में सतलुज नदी के किनारे पर शनिवार दोपहर को वीरभद्र सिंह का अंतिम संस्कार किया जाएगा।
इससे पहले राजधानी शिमला में राजा साहब के निवास होली लॉज से सुबह 8.45 बजे उनकी पार्थिव देह को तिरंगे में लिपटे कर पूरे राजकीय सम्मान के साथ पुलिस जवानों ने सलामी (गार्ड ऑफ आनर) देकर ऐतिहासिक रिज मैदान पर अंतिम दर्शन के लिए विदा किया। हॉलीलॉज से रिज तक वीरभद्र सिंह के पुत्र विधायक विक्रमादित्य सिंह, कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं और पार्टी विधायकों सहित सैकड़ों की तादाद में जुटे समर्थक नम आंखों के साथ अपने नेता की इस यात्रा में शामिल हुए। फूलों से सजी गाड़ी में निकली इस यात्रा में राजा साहब अमर रहे के नारे लगाते हुए रिज मैदान तक पहुंचाया गया। हजारों लोगों ने वीरभद्र के पुत्र टीका विक्रमादित्य सिंह को ढांढस बंधाया। इस दौरान वे नम आंखों से सभी को हाथ जोड़ते नजर आए।

आधुनिक हिमाचल के निर्माता, जनता के दिलों पर राज करने वाले छह बार मुख्यमंत्री रह चुके वीरभद्र की पार्थिव देह के अंतिम दर्शनों के लिए कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी भी पहुंचे। राहुल गांधी ने राजा को श्रद्धांजलि दी। इसके बाद राहुल ने वीरभद्र की धर्मपत्नी प्रतिभा सिंह से बात कर इस दुःख को साझा किया। इसके अलावा प्रदेश कांग्रेस प्रभारी राजीव शुक्ला, सह प्रभारी संजय दत्त, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर, नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री, छत्तीसगढ़ सरकार के ग्रामीण विकास मंत्री टीएस सिंह देव सहित प्रदेश कांग्रेस के सभी विधायकों, पूर्व विधायकों, पार्टी के जिला और ब्लॉक अध्यक्षों ने अपने नेता की पार्थिव देह पर श्रद्धा सुमन भेंट किए।

वहीं, कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी ने वीरभद्र सिंह के अंतिम संस्कार में भाग लेने के लिए अपना एक चार सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल नामित किया है। इसमें छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, एआईसीसी के कोषाध्यक्ष पवन बंसल, एआईसीसी के सदस्य आनंद शर्मा और प्रदेश मामलों के प्रभारी राजीव शुक्ला शामिल हैं। कांग्रेस राष्ट्रीय सचिव संजय दत्त, प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर, मुकेश अग्निहोत्री, भी अंतिम संस्कार में शामिल होंगे।
इस बीच, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा और मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने रिज पर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इसके बाद जब पार्थिव देह को कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन ले जाया गया। उस दौरान पूरा शहर थम सा गया और हर तरफ जाम ही जाम नजर आ रहा था।

नड्डा-सीएम ने वीरभद्र सिंह की पार्थिव देह पर पुष्पांजलि अर्पित की

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here