‘मंत्रिमंडल का गठन जल्द, सब क्षेत्रों का रखा जाएगा ध्यान’

504

नई दिल्ली, 17 दिसंबर [सुनीता कुमारी]। हिमाचल प्रदेश के मंत्रिमंडल गठन की कयासों के बीच विधायक सुरेश ने कहा है कि मंत्रिमंडल का गठन जल्द ही कर लिया जाएगा और इसमें सभी क्षेत्रों का विशेष ध्यान रखा जाएगा। भोरंज से विधायक सुरेश कुमार ने 32 साल बाद भाजपा के किले में सेंध लगाते हुए यहां कांग्रेस को जीत का स्वाद चखाया है। कुमार अन्य विधायकों के साथ इस समय मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के साथ यहां आए हुए हैं।
हिमाचल मंत्रिमंडल गठन की अटकलों के बीच यहां पर स्थित हिमाचल सदन पर इस समय सभी की नजरें गढ़ी हुई हैं। यहां रूके मुख्यमंत्री सुक्खू हिमाचल के कांग्रेसी विधायकों के साथ भारत जोड़ो यात्रा में शामिल हुए थे और पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के साथ यात्रा में भाग लिया था। यात्रा से लौटने के बाद मंत्रिमंडल गठन को लेकर सरगर्मियां बढ़ गई है। आज शाम हिमाचल सदन में एक संक्षिप्त बातचीत में विधायक सुरेश ने कहा कि मंत्रिमंडल का गठन शीघ्र कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि मंत्रिमंडल गठन के वक्त सभी क्षेत्रों का ध्यान रखा जाएगा।
एक प्रश्न के उत्तर में सुरेश कुमार ने कहा कि सुक्खू सरकार में हिमाचल के किसी भी हिस्से की अनदेखी नहीं की जाएगी। ऊपरी और निचले हिमाचल में एक समान विकास किया जाएगा। मुख्यमंत्री सुक्खू पूरे हिमाचल के विकास को लेकर पूरी तरह से संजीदा है। सुक्खू सरकार में किसी से कोई भेदभाव नहीं किया जाएगा।
यह पूछे जाने पर की पूर्व मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर पर आरोप लगता रहा है कि उनका सारा विकास कार्य उनके गृह जिले मंडी के इर्दगिर्द ही घूमता रहा, तो उन्होंने कहा कि सुक्खू सरकार के समय ऐसा नहीं होगा। मुख्यमंत्री सुक्खू पूरे हिमाचल को अपना घर मानते हैं और वह हर जिले के विकास पर एक समान ध्यान देंगे। हर जिले में रोजगार के नए अवसरों पर ध्यान केंद्रित करेंगे। जिस क्षेत्र की जैसी मांग होगी उसको पूरा करने का हरसंभव प्रयास करेंगे।
भाजपा के पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल और केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर के गृह जिले की भोरंज विधानसभा सीट पर 32 साल बाद कांग्रेस की विजय क्या उनपर जनउम्मीदों का अतिरिक्त बोझ नहीं डालेगी, पर उन्होंने बेहद साफगोई से कहा कि वे क्षेत्रवासियों की उम्मीदों पर खरा उतरने के लिए हरसंभव प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि उनका सारा ध्यान क्षेत्र के विकास पर होगा। 32 साल में जो कार्य नहीं हुए हैं उनको जल्द से जल्द चिह्नित कर उनपर कार्य किया जाएगा।
क्षेत्र की समस्याओं पर उन्होंने कहा कि इनका समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा। क्षेत्र के सैकड़ों गांव पेयजल समस्या से जूझ रहे हैं इसके लिए पहले से जारी परियोजनाओं का आंकलन किया जाएगा, जरूरत पड़ी तो उनमें सुधार किया जाएगा और जो परियोजनाएं अभी तक पूरी नहीं हुई उनको गति दी जाएगी और जरूरत पड़ने पर नई परियोजनाओं को बनाया जाएगा।
भोरंज विधानसभा क्षेत्र की खराब सड़कों और विशेष तौर पर संपर्क मार्गों को ठीक करवाया जाएगा और जहां जरूरत होगी वहां नए सड़क मार्गों का निर्माण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में भोरंज में निर्माणाधीन अस्पताल का कार्य कछुए की गति से चल रहा था, जिसे अब जल्द पूरा किया जाएगा।
उन्होंने क्षेत्रवासियों को आश्वासन दिया कि उनके कार्यकाल में किसी से कोई भेदभाव नहीं किया जाएगा। वे दिनरात क्षेत्रवासियों की सेवा के लिए सहज उपलब्ध होंगे। क्षेत्रवासियों को जहां भी उनकी जरूरत होगी वे वहां उपलब्ध होंगे। वे मुख्यमंत्री सुक्खू की विकासात्मक और सबको साथ लेकर चलने की सोच को अपने क्षेत्र में कार्यरूप देंगे।

#Bhoranj_Assembly_MLA_Suresh_Kumar

मंत्रिमंडल का निर्णय मुख्यमंत्री सुक्खू करेंगे

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here