सीएम ने राहत शिविर का दौरा किया, अधिकारियों को दिए निर्देश

345

चंबा, 29 अगस्त। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने आज चंबा जिले के सिहुंता क्षेत्र में भारी बारिश से प्रभावित लोगों के लिए स्थापित काकरोटी शिविर का दौरा किया, जहां हटली, थुलेल, बलाना और काकरोटी पंचायतों के लगभग 36 परिवारों को अस्थाई तौर पर आश्रय उपलब्ध करवाया गया है। भारी बारिश और भू-स्खलन के कारण इन परिवारों के घर क्षतिग्रस्त हो गए हैं। मुख्यमंत्री ने प्रभावित परिवारों से भेंट की और उन्हें हरसंभव मदद का आश्वासन दिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को प्रभावित परिवारों को दैनिक आवश्यकता की हर वस्तु उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सर्वेक्षण के उपरांत यह पता चलेगा कि उनके घर रहने लायक हैं या नहीं। इसके उपरांत प्रभावित परिवारों के स्थायी पुनर्वास के लिए उपयुक्त और सुरक्षित भूमि भी चिन्हित की जाएगी। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन और स्थानीय राजस्व अधिकारी नुकसान का आकलन कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता प्रदान की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि घटना के बाद राहत कार्य सुनिश्चित करने के लिए तत्काल एनडीआरएफ और स्थानीय राहत एवं बचाव एजेंसियों को लगाया गया है। उन्होंने कहा कि चंबा जिले के भट्टियात क्षेत्र में भारी बारिश के कारण संपर्क सड़कों के क्षतिग्रस्त होने से 24 करोड़ रुपये के नुकसान का अनुमान है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय टीम ने भी प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर नुकसान का आकलन करने के लिए सर्वेक्षण किया है। उन्होंने कहा कि जल शक्ति विभाग की विभिन्न पेयजल आपूर्ति योजनाओं को 22.11 करोड़ रुपये का नुकसान आंका गया है।
स्थानीय विधायक और मुख्य सचेतक विक्रम सिंह जरयाल भी मुख्यमंत्री के साथ उपस्थित थे।

भू-स्खलनः गुप्ता ने किया खालीनी कालोनी का दौरा

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here