नहीं रहे पूर्व मंत्री प्रवीण शर्मा, राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार

321

अंब (ऊना), 4 अगस्त। पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रहे हिमुडा उपाध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री प्रवीण शर्मा का आज देहांत हो गया। उनका अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ ऊना जिले के अंब में किया गया तथा सभी ने नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी। शर्मा की पार्थिव देह को मुखाग्नि पुत्र पार्थ शर्मा ने दी।
शर्मा को श्रद्धांजलि देने के लिए ग्रामीण विकास व पंचायती राज मंत्री वीरेंद्र कंवर, वन तथा युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री राकेश पठानिया, पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल, हिमाचल प्रदेश छठे राज्य वित्तायोग के अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती, चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्र के विधायक बलबीर सिंह, एचपीएसआईडीसी उपाध्यक्ष प्रोफेसर राम कुमार, जिला परिषद ऊना के उपाध्यक्ष कृष्ण पाल शर्मा, ऊना जिला भाजपा अध्यक्ष मनोहर लाल शर्मा, एपीएमसी अध्यक्ष बलबीर सिंह बग्गा, कुटलैहड़ भाजपा मंडल अध्यक्ष तरसेम लाल, जिला भाजपा महामंत्री राजकुमार पठानियां, एचआरटीसी उपाध्यक्ष विजय अग्निहोत्री, उपायुक्त ऊना राघव शर्मा, पूर्व सांसद कृपाल परमार, पूर्व विधायक नवीन धीमान एवं सुषमा शर्मा, पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित थे।
प्रवीण शर्मा के देहावसान का समाचार सुनते ही सुबह से ही उनके निवास स्थान अंब में लोगों का तांता लग गया। वह वर्ष 1998 से 2003 तक धूमल सरकार में आबकारी एवं कराधान तथा खेल मंत्री रहे तथा धूमल सरकार के दूसरे कार्यकाल में जल प्रबंधन बोर्ड के अध्यक्ष रहे। इसके अतिरिक्त वह भारतीय जनता पार्टी के अनेक पदों पर रहते हुए पार्टी तथा आमजन के प्रति अपने दायित्व के लिए सजग रहे।
मुख्यमंत्री ने शोक व्यक्त किया
मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने प्रवीण शर्मा के निधन पर शोक व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रवीण शर्मा एक ईमानदार और समर्पित नेता थे जो सदैव जनता के लिए समर्पित रहें। उन्होंने कहा कि प्रदेश के लोगों के कल्याण के लिए उनके द्वारा प्रदान की गई सेवाओं को प्रदेशवासियों द्वारा सदैव याद रखा जाएगा। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिजनों को इस अपूर्णीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

डॉ. परमार ने हिमाचल प्रदेश के विकास की मजबूत नींव रखी

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here