रेडक्रॉस सोसायटी के सदस्यों की प्रशिक्षण व परामर्श कार्यशाला 18 को

730

शिमला, 31 अगस्त। हिमाचल प्रदेश राज्य रेडक्रॉस सोसायटी अस्पताल कल्याण शाखा की अध्यक्ष और मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी डॉ. साधना ठाकुर ने बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि रेडक्रॉस सोसायटी प्रदेश में विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से पीडि़त मानवता की सेवा कर रही है। उन्होंने कहा कि 18 सितम्बर को रेडक्रॉस भवन शिमला में सदस्यों के लिए महिलाओं के स्वास्थ्य पर प्रशिक्षण एवं परामर्श कार्यशाला आयोजित की जाएगी, ताकि भविष्य में विभिन्न स्तरों पर महिलाओं को जागरूक किया जा सके।
डॉ. साधना ठाकुर ने कहा कि रेडक्रॉस सोसायटी ने वर्ष 2021 में 61 रक्तदान शिविरों के आयोजन करवाए। प्रदेश में 3416 पल्स ऑक्सीमीटर, 87885 फेस मास्क, 9486 पीपीई किट, 9522 फेस शील्ड तथा 40,710 दस्ताने वितरित किए। इस दौरान 7087 राशन किट भी प्रदान की गई।
उन्होंने कहा कि जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए 1942 लोगों को चिकित्सा परामर्श तथा 3657 लोगों को मानसिक-सामाजिक सहायता प्रदान की गई। डॉ. साधना ठाकुर ने कहा कि प्रकृति ने हमें ऑक्सीजन प्रदान करने के लिए पेड़-पौधों से नवाजा हैं इसलिए रेडक्रॉस सोसायटी द्वारा प्रदेश में स्वयंसेवियों की भागीदारी से पौधरोपण अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत 1.10 लाख पौधें रोपित करने का लक्ष्य रखा गया है। इस लक्ष्य के तहत 65000 पौधें रोपित किए जा चुके हैं, जिनमें औषधीय पौधे भी शामिल हैं।
बैठक के दौरान डॉ. साधना ठाकुर ने हिमाचल प्रदेश राज्य रेडक्रॉस सोसायटी अस्पताल कल्याण शाखा की नई कार्यकारिणी समिति के गठन के लिए मधु सूद को उपाध्यक्ष, डॉ. किम्मी सूद को अवैतनिक सचिव, बिमला कश्यप, सुषमा मिनोचा व निरता आकरे को कार्यकारिणी सदस्य के रूप में नामित किया।
इससे पूर्व, हिमाचल प्रदेश राज्य रेडक्रॉस सोसायटी अस्पताल कल्याण शाखा सचिव पी.एस. राणा ने डॉ. साधना ठाकुर का स्वागत किया तथा उन्हें बैठक से संबंधित विभिन्न जानकारी प्रदान की।
इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश राज्य रेडक्रॉस सोसायटी अस्पताल कल्याण शाखा के अन्य सदस्य भी उपस्थित थे।

मतदाता सूची में नाम दर्ज करने के लिए अभियान 10 तक

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here