राहुल गांधी की संसद सदस्यता समाप्त करने के खिलाफ सत्याग्रह

234
राहुल गांधी की संसद सदस्यता समाप्त करने पर राजीव गांधी पंचायती राज संगठन चंबा का सत्याग्रह

चंबा, 20 अप्रैल। केंद्र सरकार की कथित तानाशाही के विरोध और राहुल गांधी के समर्थन में राजीव गांधी पंचायती राज संगठन जिला चंबा इकाई ने आज राजीव गांधी पंचायती राज संगठन के जिला संयोजक रमेश शर्मा के नेतृत्व में चंबा जिला मुख्यालय डाकघर व सुल्तानपुर डाकघर के बाहर पोस्ट बाक्स में 100 पोस्ट कार्डों के माध्यम से राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू को राहुल गांधी की संसद सदस्यता समाप्त करने के विरोध में ज्ञापन प्रेषित किया।
राजीव गांधी पंचायती राज संगठन के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने सत्याग्रह के जरिए केंद्र सरकार की तानाशाही नीति के विरुद्ध प्रदर्शन भी किया। संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार पर तानाशाही रवैया अपनाते हुए विरोधियों को दबाने का आरोप लगाया।

जिला संयोजक रमेश शर्मा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी राहुल गांधी के साथ हमेशा खड़ी थी और आगे भी खड़ी रहेगी। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार चाहे जितना मर्जी विपक्ष को दबाने का प्रयास कर ले, लेकिन विपक्ष हमेशा केंद्र के गलत फैसलों का विरोध करता रहेगा।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने जिस तानाशाही से काम किया है, वह केवल राहुल गांधी ही नहीं, अपितु कांग्रेस की समूची विचारधारा को खत्म करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की विचारधारा वही विचारधारा है, जिसने देश को गुलामी की जंजीरों से आजाद करवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की थी। देश के करोड़ों लोग इस विचारधारा से जुड़े हैं। उन्होंने कहा कि भारत की निरंकुश हो रही मोदी सरकार को रोकने और उसके गलत फैसलों का विरोध करने का काम कांग्रेस ने किया है, यही कारण है कि भाजपा सरकार अपने खिलाफ उठने वाली हर आवाज को दबाने का प्रयास कर रही है।
उन्होंने कहा कि केंद्र में बैठे सत्तारूढ़ नेता यह जान ले कि कांग्रेस कल भी राहुल गांधी के साथ थी और आज भी राहुल गांधी के साथ है और भविष्य में भी राहुल गांधी के समर्थन में देशव्यापी उग्र आंदोलन करना पड़ेगा, तो पीछे नहीं हटेंगे। भारत के संविधान में समाजवाद, पंथ निरपेक्षता और लोकतंत्र को बुनियाद माना गया है। व्यक्ति की गरिमा, बंधुत्व अधिकार न्याय आजादी को संरक्षित करना राज्य की जिम्मेदारी है।
उन्‍होंने कहा कि आज निरंतर आर्थिक सामाजिक विषमता बढ़ रही है। बेरोजगारी, महंगाई और गरीबी की स्थिति चिंताजनक है। सामाजिक सौहार्द के ताने बाने पर प्रहार हो रहा है। हर संवैधानिक संस्था सीबीआई, आरबीआई, चुनाव आयोग, संसद, न्यायपालिका का क्षरण होता जा रहा है। विपक्ष की आवाज को बंद किया जा रहा है। राहुल गांधी की सदस्यता को समाप्त करना इसी का प्रतीक है।

उन्होंने महामहिम राष्ट्रपति से लोकतंत्र के संरक्षण की गुहार लगाई है। लोकतंत्र से ही देश की अखंडता और एकता को अक्षुण्ण रखा जा सकता है। राजीव गांधी पंचायती राज संगठन जिला चंबा इकाई ने जिला चंबा से महामहिम राष्ट्रपति से न्याय की गुहार लगाई है ताकि महामहिम राष्ट्रपति इस विषय पर कड़ा संज्ञान लेकर उचित करवाही कर सकें। रमेश शर्मा ने कहा कि उन्हें पूर्ण रूप से विश्वास है कि महामहिम राष्ट्रपति लोकतंत्र के हित में कदम उठाएंगे। लोकतंत्र को सशक्त बनाने में अपना अहम योगदान देंगे।

इस मौके पर चम्बा ब्लाक के उपाध्यक्ष रवि कुमार, तीसा ब्लाक के अध्यक्ष खेम राज, भरमौर ब्लाक के उपाध्यक्ष काका राम ठाकुर, हरीश नरयाल, हारून शेख, राकेश ठाकुर, अनिल कुमार, कुलदीप सिंह, प्रवीण कुमार, मनोज कुमार, अरुण कुमार, सुनील कुमार, प्रवीन कुमार, सुनील कुमार, तनु कुमार और विक्रम कुमार भी मौजूद थे।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here