अपनी विधानसभा क्षेत्र तक ही सीमित हैं जय राम ठाकुर

216

शिमला, 18 मई। हिमाचल प्रदेश के कृषि मंत्री प्रोफेसर चंद्र कुमार और राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने आज यहां जारी एक संयुक्त वक्तव्य में कहा कि नेता विपक्ष जय राम ठाकुर केवल अपनी विधानसभा क्षेत्र सराज तक ही सीमित हैं।
दोनों मंत्रियों ने कहा कि जय राम ठाकुर ने मुख्यमंत्री रहते केवल मात्र सराज विधानसभा क्षेत्र के विकास को ही प्राथमिकता प्रदान की और मंडी जिले सहित प्रदेश के अन्य क्षेत्रों की लगातार अनदेखी करते रहे। आज भी विपक्ष के नेता के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी होने के बावजूद वे केवल सराज क्षेत्र से जुड़े मुद्दे ही उठा रहे हैं। उन्हांेने जय राम ठाकुर से आग्रह किया कि बतौर नेता विपक्ष वे अपनी सोच का दायरा विस्तृत करें और समूचे प्रदेश के हितों की पैरवी के लिए आगे आएं।
उन्होंने कहा कि अपने कार्यकाल में जय राम ठाकुर ने शिक्षकों सहित विभिन्न विभागों में खाली पदों को भरने पर कभी कोई ध्यान नहीं दिया जिससे राज्य मंे कर्मचारियों की कमी बनी रही। उन्होंने कहा कि इसके विपरित वर्तमान प्रदेश सरकार मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के दूरदर्शी नेतृत्व मंे रिक्त पदों को शीघ्र भरने के लिए हरसंभव प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि मंगलवार को आयोजित प्रदेश मंत्रिमंडल की बैठक में प्रारम्भिक शिक्षा विभाग में विभिन्न श्रेणियों के शिक्षकों के लगभग 5300 पद भरने को स्वीकृति प्रदान की गई है। इसके अतिरिक्त प्रदेश सरकार अन्य विभागों में भी कर्मचारियों की कमी को पूरा करने के लिए ठोस कदम उठा रही है। उन्होंने कहा कि इसके लिए भर्ती प्रक्रिया पूरी होते ही सरकारी संस्थानों में कर्मचारियों की कमी को काफी हद तक पूरा कर लिया जाएगा।
चंद्र कुमार और जगत सिंह नेगी ने कहा कि पूर्व की जय राम सरकार ने हिमाचल प्रदेश को पूरी तरह से कर्ज के दलदल में डूबो दिया। वर्ष-2017 के विधानसभा चुनाव के दौरान भारतीय जनता पार्टी ने प्रदेश की जनता से सत्ता मंे आने पर कर्ज की प्रथा समाप्त करने का वायदा किया था। परंतु इसके विपरित सत्ता प्राप्त करने के उपरान्त पूर्व सरकार कर्ज पर कर्ज लेती रही और राजस्व बढ़ाने के लिए कोई उपाय नहीं किए गए। यह भी सर्वविदित तथ्य है कि तथाकथित डबल इंजन सरकार के समय पूर्व की भाजपानीत प्रदेश सरकार केंद्र से हिमाचल के लिए कोई भी अतिरिक्त वित्तीय सहायता प्राप्त करने में विफल रही। उन्हांेने कहा कि राज्य की कमजोर वित्तीय स्थिति के बावजूद वर्तमान प्रदेश सरकार संपूर्ण हिमाचल प्रदेश के एकसमान विकास में कोई कोर कसर नहीं छोड़ रही है।
दोनों मंत्रियों ने कहा कि हाल ही में संपन्न नगर निगम शिमला के चुनाव में लोगों ने कांग्रेस पार्टी के पक्ष में भारी समर्थन देकर मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में व्यवस्था परिवर्तन की दिशा में कार्य कर रही प्रदेश सरकार की नीतियों एवं कार्यक्रमों पर मुहर लगाई है। उन्होंने कहा कि शिमला प्रदेश की राजधानी है और यहां राज्य के हर कोने से संबंधित लोग निवास करते हैं तथा ऐसे में नगर निगम चुनाव में यह जीत के मायने और भी बढ़ जाते हैं। उन्होंने कहा कि जय राम ठाकुर को नगर निगम शिमला के मतदाताओं के इस जनमत को स्वीकार करने का साहस दिखाना चाहिए था, परंतु वे इसे ‘अन-ऑर्गेनिक’ जनादेश करार देकर शिमला के लोगों का अपमान कर रहे हैं।

वित्तीय घाटे से उबारने के लिए HRTC में किए जाएंगे व्यापक सुधार

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here