भाजपा में दिख रहा ‘आप’ का खौफ

395

कुटलैहड़ (ऊना), 20 अप्रैल। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल की 23 अप्रैल को कांगड़ा के चंबी मैदान में होने वाली विशाल जनसभा के लिए प्रदेशवासियों मे काफी उत्साह है। आप कार्यकर्ता रैली को सफल बनाने के लिए गांव-गांव जाकर लोगों से संपर्क कर रहे हैं। ऊना के कुटलैहड़ में आज पार्टी कार्यकर्ताओं की बैठक में 3 हजार से ज्यादा लोगों के कांगड़ा रैली में जाने की रूपरेखा तैयार की गई।
आप के प्रदेश प्रवक्ता गौरव शर्मा ने बैठक में कहा कि भाजपा के भीतर आम आदमी पार्टी का खौफ देखने को मिल रहा है। हर गली मोहल्ले में भाजपा नेता आम आदमी पार्टी की चर्चा कर रहे हैं। आज भाजपा भले आप की आहट को नकारे, लेकिन उसमें खौफ साफ-साफ दिख रहा है। शर्मा ने कहा कि जब भी आम आदमी पार्टी की रैली या कार्यक्रम होते हैं तो तुरंत भाजपा की बैठकें होती हैं और राष्ट्रीय स्तर के नेता हिमाचल में डेरा डालते हैं। यह नेता आप के कार्यक्रम से एक दिन पहले पहुंच जाते है और उसमें अड़चन डालने की कोशिश करते हैं। लेकिन भाजपा अपने इस मंसूबे पर कामयाब नहीं होने वाली है, क्योंकि प्रदेश की जनता जानती है कि भाजपा ने अपने साढ़े चार साल के शासनकाल में कोई काम नहीं किया है। जनता भाजपा से तंग होकर तीसरे विकल्प आम आदमी पार्टी को अपना प्यार और स्नेह दे रही है।
गौरव शर्मा ने कहा कि हिमाचल में अगर भाजपा का ग्राफ बढ़ा है तो वह पंडित सुखराम की देन है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी राष्ट्रीय पार्टी है न की क्षेत्रीय दल। दिल्ली जैसे राज्य में आम आदमी पार्टी ने तीसरी बार सरकार बनाई है। ये आम आदमी पार्टी की ही जनहितकारी नीतियां है, जिस पर हर बार दिल्ली की जनता मोहर लगाती है। अरविंद केजरीवाल दिल्ली मॉडल देश की राजधानी को ऊंचाई के शिखर पर ले जा रहे हैं।
शर्मा ने भाजपा और कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि हिमाचल में आजतक दोनों पार्टियों ने जनता को लूटा है, लेकिन अब आम आदमी पार्टी के रूप में प्रदेश में तीसरा विकल्प आ चुका है। आप प्रदेश की जनता को आने वाले दिनों में दिल्ली और पंजाब की तरह मूलभूत सुविधाएं देगी। शर्मा ने कहा कि मंडी रैली की सफलता के बाद अब प्रदेश के सबसे बड़े जिले कांगड़ा में आम आदमी पार्टी की विशाल रैली होने वाली है।
शर्मा ने कहा कि कुटलैहड़ में आज पानी की भारी किल्लत से जनता जूझ रही है। लेकिन समस्या का कोई हल नहीं निकल पाया है। 4 साल पहले ऊना में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने पीजीआई सेटेलाइट सेंटर का उद्घाटन किया था, जिसमें आज तक एक भी पत्थर नहीं लग पाया। फतेहपुर की जनता आज सरकार से परेशान हो चुकी है। सीमेंट कंपनी के साथ सरकार की मिलीभगत है जिसका खामियाजा जनता को भुक्तना पड़ रहा है।
बैठक में पार्टी के कुटलैहड़ प्रधान राजन शर्मा, देव कुमार चड्डा, महिला विंग की प्रधान रुचि सैनी,गुरविंदर सिंह, मीनाक्षी, मोहन सिंह, विशाल राणा, संजीव खता, विवेक जोशी, अमर चंद, हर्षदीप, जगदीश चंद, सुरजीत सिंह और नरेश कुमार भी उपस्थित थे।

जलजनित रोगों की रोकथाम के लिए करेंगे साझा प्रयास

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here