स्नातक महाविद्यालय खोलने की घोषणा

304

धर्मशाला, 3 सितंबर। मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने आज कांगड़ा जिले के नूरपुर के बदूही मैदान में हिमाचल प्रदेश के गठन के 75वें वर्ष में प्रवेश के उपलक्ष्य में आयोजित प्रगतिशील हिमाचलः स्थापना के 75 वर्ष कार्यक्रम की अध्यक्षता की। इस अवसर पर उन्होंने विशाल जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश की इन 75 वर्षों की यात्रा उपलब्धियों भरी रही है जिसका श्रेय राज्य के ईमानदार एवं परिश्रमी लोगों को जाता है। उन्होंने स्थानीय छात्रों की सुविधा के दृष्टिगत बरंडा में राजकीय स्नातक महाविद्यालय खोलने की भी घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सुखद संयोग है कि राष्ट्र अपनी आजादी के 75 वर्ष पूर्ण होने पर आजादी का अमृत महोत्सव मना रहा है। वहीं प्रदेश अपने गठन के 75वें वर्ष में प्रवेश कर रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस ऐतिहासिक अवसर को भव्य ढंग से आयोजित करने के दृष्टिगत देश के प्रत्येक घर में तिरंगा फहराने के लिए हर घर तिरंगा जैसा सराहनीय अभियान शुरू किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार भी हिमाचल के अस्तित्व में आने के 75 वर्षों के उपलक्ष्य में राज्यभर में 75 कार्यक्रम आयोजित कर रही है। इन आयोजनों का मुख्य उद्देश्य युवा पीढ़ी को राज्य की विकासात्मक, सांस्कृतिक और राजनीतिक यात्रा के बारे में शिक्षित करना है।
जय राम ठाकुर ने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार को अपने पांच वर्ष के कार्यकाल के दौरान दो वर्ष तक कोविड महामारी के खिलाफ लड़ना पड़ा। उन्होंने कहा कि इन वर्षों के दौरान भी राज्य सरकार ने सुनिश्चित किया कि विकास की गति निर्बाध रूप से जारी रहे। चूंकि वर्तमान राज्य सरकार के कार्यकाल के दो वर्ष महामारी से प्रभावित हुए और ऐसे में उन्होंने लोगों से सरकार को पांच वर्ष और देने का आग्रह किया ताकि राज्य के विकास और लोगों के कल्याण के लिए और अधिक जोश व प्रतिबद्धता से कार्य कर सकें।
इससे पहले, मुख्यमंत्री ने नूरपुर के शेष गांवों के लिए चक्की खड्ड से 39 करोड़ रुपये लागत से निर्मित पेयजल आपूर्ति योजना का लोकार्पण किया।
वन मंत्री राकेश पठानिया ने इस अवसर पर मुख्यमंत्री और अन्य गणमान्य व्यक्तियों का स्वागत करते हुए कहा कि नूरपुर को पुलिस जिला बनाने की सबसे बड़ी मांग मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर के कार्यकाल में पूरी हुई। उन्होंने कहा कि प्रदेश के लिए स्वीकृत बल्क ड्रग पार्क के खुलने से क्षेत्र और समूचे प्रदेश के विकास को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने नूरपुर क्षेत्र के लोगों की विकासात्मक मांगों को पूरा करने के लिए हमेशा संवेदनशील रहने के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर ज्वाली के विधायक अर्जुन सिंह, राष्ट्रीय लघु बचत राज्य सलाहकार बोर्ड के उपाध्यक्ष संजय गुलेरिया, पूर्व सांसद कृपाल परमार, भाजपा के वरिष्ठ नेता ओ.पी. चौधरी, फतेहपुर क्षेत्र के भाजपा नेता बलदेव ठाकुर और उपायुक्त डॉ. निपुण जिंदल भी उपस्थित थे।

मतदाता सूचियों के लिए दावे या आक्षेप 11 तक

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here