प्रदेश सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण के लिए समर्पित

371

मंडी, 14 जून। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने आज जिले मंडी में सुंदरनगर के जवाहर पार्क में आयोजित त्रिदेव सम्मेलन को संबोधित करते हुए पार्टी कार्यकर्ताओं को प्रदेश में मिशन रिपीट सुनिश्चित करने के लिए समर्पण तथा कर्तव्यनिष्ठा से कार्य करने को कहा है ताकि विकास की गति निर्बाध रहे।
मुख्यमंत्री ने हिमाचल प्रदेश जैसे पहाड़ी राज्य की विकासात्मक मांगों पर सदैव विचार करने के लिए केंद्रीय जल शक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का वर्तमान कार्यकाल ज़रूरतमंदों तथा कमज़ोर वर्गों के कल्याण व उत्थान के लिए समर्पित रहा है। उन्होंने कहा कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन, सहारा योजना, गृहिणी सुविधा योजना हिमकेयर आदि योजनाएं प्रदेश के लाखों लोगों के लिए वरदान साबित हुईं हैं। उन्हांेने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा ज़रूरतमंदों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन प्रदान करने के लिए प्रत्येक वर्ष 1300 करोड़ रुपये से अधिक राशि व्यय की जा रही है, जबकि कांग्रेस के कार्यकाल के दौरान केवल 400 करोड़ रुपये व्यय किए गए थे। उन्होंने कहा कि सहारा योजना के तहत गंभीर रूप से बीमार रोगियों को 3000 रुपये प्रतिमाह प्रदान किए जा रहे हैं। योजना के अंतर्गत् अब तक के 20 हजार से अधिक परिवारों को लाभान्वित किया जा चुका है। उन्हांेने कहा कि वर्तमान सरकार जहां गरीब, वहां सरकार के मूल मंत्र के साथ कार्य कर रही है।
जय राम ठाकुर ने संत कबीर की जयंती के अवसर पर लोगांे को बधाई भी दी। उन्होंने कहा कि संत कबीर की शिक्षाएं वर्तमान समय में अधिक प्रासंगिक हैं जो उनकी समाज के प्रति दूरदर्शी सोच को दर्शाती हैं। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश के भाजपा कार्यकर्ता अपने समर्पण व कर्तव्यनिष्ठा के लिए जाने जाते हैं। प्रदेश के लिए यह सौभाग्य की बात है कि विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी का नेतृत्व राज्य का सपूत कर रहा है। उन्होंने कहा कि केवल भाजपा में ही एक आम पार्टी कार्यकर्ता पार्टी के शीर्ष पद तक पहुंच सकता है, जबकि अन्य सभी राजनीतिक दलों पर परिवारवाद हावी है। सरकार संगठन नहीं बनाती बल्कि संगठन सरकार बनाता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने कोरोना महामारी के कठिन समय के दौरान बड़ी एवं महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने न केवल निःशुल्क मास्क तथा सेनिटाइजर वितरित किए बल्कि ज़रूरतमंदों को निःशुल्क खाना व आश्रय भी प्रदान किया। उन्होंने कहा कि दूसरी ओर प्रदेश कांग्रेस के नेताओं ने अपनी आलाकमान को ज़रूरतमंदों के लिए पीपीई किट, वेंटीलेटर, सेनिटाइजर इत्यादि प्रदान करने के नाम पर 12 करोड़ रुपये के फर्जी बिल थमा दिए। यदि ऐसे समय में कांग्रेस सत्ता में होती तो प्रदेश की हालातों की कल्पना करना भी असंभव है।
जय राम ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हिमाचल प्रदेश को अपना दूसरा घर मानते हैं तथा सदैव प्रदेश की विकासात्मक मांगों के प्रति संवेदनशील रहते हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भाजपा सरकार ने गत चार साल से अधिक समय के दौरान हिमाचल प्रदेश को देश का सबसे प्रगतिशील राज्य बनाने के लिए कड़ी मेहनत की है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी देश तथा प्रदेश में पूर्ण रूप से अपना आधार खो चुकी है। उन्होंने कहा कि प्रदेशवासियों ने राज्य में दोबारा भाजपा को लाने का मन बना लिया है जिस प्रकार देश के चार अन्य राज्यों में भाजपा सरकार पुनः सत्ता में आई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने गत साढ़े चार वर्षों के दौरान प्रदेश में 8.37 लाख से अधिक पानी के नल स्थापित कर प्रत्येक घर को नल से पेयजल प्रदान करने में प्रशंसनीय प्रदर्शन किया है जबकि गत 50 वर्षों के दौरान राज्य में केवल 7.63 लाख पानी के नल स्थापित किए गए थे। उन्होंने केंद्रीय जल शक्ति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत का इस कार्य के लिए धन्यवाद किया।
केंद्रीय जल शक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व में प्रदेश सरकार द्वारा आरंभ की गई विकासात्मक तथा कल्याणकारी योजनाआंे की प्रशंसा करते हुए कहा कि प्रदेश में गत साढ़े चार साल में आशातीत विकास हुआ है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने दो सांसदों की पार्टी से विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी का सफर तय किया है। उन्होंने कहा कि इस उपलब्धि का श्रेय देश के प्रत्येक पार्टी कार्यकर्ता को जाता है। उन्होंने कहा कि राज्य में जय राम सरकार द्वारा किए गए उत्कृष्ट कार्यों के फलस्वरूप प्रदेश में किसी पार्टी द्वारा दोबारा सरकार न बना पाने के भ्रम को तोड़ते हुए भाजपा सरकार पुनः विजयी होने के लिए तैयार है।
केंद्रीय जल शक्ति मंत्री ने प्रदेश में भाजपा के आरंभिक चरण में शांता कुमार, प्रेम कुमार धूमल, महेश्वर सिंह जैसे वरिष्ठ भाजपा नेताओं द्वारा दिए गए योगदान भी स्मरण किए। उन्होंने कहा कि इन नेताओं के कठिन परिश्रम के फलस्वरूप भाजपा प्रदेश में सबसे सुदृढ़ तथा अनुशासित राजनीतिक पार्टी बनी है। उन्होंने कहा कि पिछले लोकसभा चुनावों में राज्य ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व को सुदृढ़ करने के लिए रिकॉर्ड अंतर के साथ चारों सांसदों को विजयी बनाकर संसद भेजा।
गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि जन धन योजना के आरम्भ के समय 10 करोड़ बैंक खाते खोले गए तथा आज 45 करोड़ बैंक खाते खोले जा चुके हैं, जो विभिन्न योजनाआंे के लाभार्थियों के लिए वरदान साबित हुए हैं। उन्होंने कहा कि यह केवल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व के फलस्वरूप ही संभव हो पाया है जिन्होंने यह सुनिश्चित किया है कि देश अपनी खोई हुई गरिमा व वैभव को पुनः प्राप्त करें तथा प्रत्येक व्यक्ति आत्म सम्मान व गौरव के साथ जीवनयापन कर सके। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने समाज के कमज़ोर वर्गों तथा कल्याणकारी लाभों से वंचित लोगों को उनका हक दिलवाया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा आरंभ की गई अनेक कल्याणकारी योजनाएं देश के करोड़ों लोगों के लिए वरदार साबित हुई है। उन्होंने कहा कि भारत को वर्ष 2019 में बाह्य शौचमुक्त घोषित किया गया था, जबकि संयुक्त राष्ट्र द्वारा यह लक्ष्य वर्ष 2030 के लिए निर्धारित था। उन्होंने कहा कि आज भारत खाद्य सरप्लस देश के रूप में उभरा है तथा इसका श्रेय किसानों व वैज्ञानिकों के साथ-साथ प्रधानमंत्री मोदी द्वारा प्रदान किए गए सुदृढ़ राजनीतिक नेतृत्व को जाता है।
केंद्रीय जल शक्ति मंत्री ने कहा कि विश्व के नेताओं ने कोरोना महामारी के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा लिए गए निर्णयों व पहलों की प्रशंसा की है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री न केवल महामारी को फैलने से रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाए बल्कि देश की अपनी वैक्सीन भी विकसित की। उन्होंने कहा कि देश को टेटनस की वैक्सीन बनाने में 54 वर्ष लग गए। इसी प्रकार हेपेटाइटिस, रोटवायरस, पोलियो आदि की वैक्सीन को भारत पहुंचने में वर्षों लग गए लेकिन कोरोना महामारी के दौरान एक ओर जहां अमेरिका में लोगों को वैक्सीन लग रही थी वहीं दूसरी ओर प्रदेश के दूरदराज क्षेत्र लाहौल-स्पीति में भी लोगों को वैक्सीन लगाई जा रही थी। यह केवल देश में प्रधानमंत्री मोदी द्वारा प्रदान किए गए सुदृढ़ एवं कुशल नेतृत्व के फलस्वरूप ही संभव हो पाया है।
गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि जल जीवन मिशन देश में ग्रामीण क्षेत्रों की करोड़ों महिलाओं तथा पानी की कमी वाले क्षेत्र के लोगोें के लिए वरदान साबित हो रही है। कोरोना महामारी के बावजूद, इस योजना के तहत सभी लक्ष्य समय पर प्राप्त किए गए। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश ने भी 93 प्रतिशत घरों को पेयजल उपलब्ध करवाने का लक्ष्य प्राप्त कर लिया है। उन्होंने कहा कि मिशन के तहत उत्कृष्ट कार्य करने के लिए गत दो वर्षों से हिमाचल प्रदेश को लगातार प्रोत्साहन राशि मिल रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री को आश्वासन दिया कि राज्य को जल जीवन मिशन के तहत लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए निधि में किसी भी प्रकार की कमी नहीं आएगी।
इसके पश्चात केंद्रीय जल शक्ति मंत्री तथा मुख्यमंत्री ने सुंदरनगर शहर के लिए 23 करोड़ रुपये की उठाऊ पेयजल आपूर्ति योजना के सुधार कार्य का लोकार्पण किया। इस योजना से सुंदरनगर शहर के 11 वार्डों में पानी की समस्या का समाधान होगा तथा शहर में 24 घंटे जलापूर्ति के प्रावधान से लगभग 21 हजार लोग लाभान्वित होंगे।
राज्य भाजपा प्रभारी अविनाश राय खन्ना ने कहा कि केंद्र एवं राज्य की डबल इंजन सरकारों ने प्रदेश में विकास की गति सुनिश्चित की है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का मूलमंत्र समाज के अंतिम पंक्ति के व्यक्ति को सरकार की विकासात्मक योजनाओं का लाभ पहंुचाना है। केंद्र सरकार द्वारा गरीबों तथा जरूरतमंदों के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं आरंभ की गई है और जो व्यक्ति इन योजनाओं से वंचित रह गए उनके लिए प्रदेश सरकार ने भी अनेक योजनाएं आरंभ की। उन्होंने कहा कि यह डबल इंजन सरकार का उपयुक्त उदाहरण है। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं को केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न विकासात्मक योजनाओं के बारे में लोगों को जागरूक करने का आग्रह किया।
सांसद एवं राज्य भाजपा अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने केंद्रीय मंत्री, मुख्यमंत्री तथा अन्य गणमान्य व्यक्तियों का स्वागत करते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश भाजपा ने देश में सबसे पहला त्रिदेव सम्मेलन आयोजित किया है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय भाजपा अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने भी राज्य भाजपा के प्रयासों की सराहना की है। उन्होंने कहा कि हाल ही में एनडीए के आठ वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में शिमला में एक विशाल समारोह का आयोजन किया गया जिसे प्रधानमंत्री मोदी ने अपनी उपस्थिति से सुशोभित किया, जिससे राज्य तथा प्रदेशवासियों के लोगों के प्रति प्रधानमंत्री का स्नेह प्रदर्शित होता है।
जल शक्ति मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर, तकनीकी शिक्षा मंत्री डॉ. रामलाल मारकंडा, शिक्षा मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर, संगठन महामंत्री पवन राणा, सुंदरनगर के विधायक राकेश जम्वाल, द्रंग के विधायक जवाहर ठाकुर, सरकाघाट के विधायक कर्नल इंद्र सिंह, बल्ह के विधायक इंद्र सिंह गांधी, जोगिंद्रनगर के विधायक प्रकाश राणा, मिल्कफैड के अध्यक्ष निहाल चंद शर्मा तथा ब्रिगेडियर खुशाल सिंह ठाकुर भी इस अवसर पर अन्य गणमान्य सहित उपस्थित थे।

Top 5 Best Solar Power Companies in India in 2022

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here