दो लाख से अधिक लोगों को दी कानून की जानकारी

1097

सोलन, 22 अक्टूबर। अखिल भारतीय विधिक जागरूकता एवं आउटरीच अभियान के अंतर्गत् सोलन जिले में अभी तक लगभग 2 लाख 30 हजार लोगों को विभिन्न विधिक प्रावधानों एवं निःशुल्क कानूनी सहायता के विषय में जागरूक किया गया है। यह जानकारी जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव एवं अतिरिक्त मुख्य न्यायायिक दंडाधिकारी कपिल शर्मा ने आज यहां दी।
कपिल शर्मा ने कहा कि अखिल भारतीय विधिक जागरूकता एवं आउटरीच अभियान के तहत विभिन्न ग्राम पंचायतों में डोर-टू-डोर अभियान के माध्यम से लोगों को विभिन्न कानूनों के प्रति जागरूक किया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य समाज के सभी विशेषकर कमजोर वर्गों तक न्याय पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि अभियान के माध्यम से जन-जन विशेष रूप से ग्रामीण, जनजातीय एवं दुर्गम क्षेत्रों के निवासियों को जानकारी के माध्यम से विधिक सेवा संस्थानों की कार्यप्रणाली से अवगत करवाया जा रहा है तथा निःशुल्क विधिक सेवाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि अभियान को आंगनबाड़ी एवं आशा कार्यकर्ताओं, स्वयंसेवी संस्थाओं, युवक मंडलों तथा महिला मंडलों के सहयोग से सफल बनाया जा रहा है। उन्हांने कहा कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा जिले के विभिन्न रूटों पर चल रही निजी तथा सरकारी बसों में एक मुहिम के माध्यम से विधिक जागरूकता से संबंधित 8000 पैम्फलेट वितरित किए गए।
कपिल शर्मा ने कहा कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सोलन के यू-ट्यूब चैनल DLSA Solan के माध्यम से सोशल मीडिया पर लोगों को विधिक अधिकारों की जानकारी प्रदान की जा रही है। उन्होंने कहा कि सोलन के पांचों विकास खंडों सोलन, कण्डाघाट, धर्मपुर, नालागढ़ तथा कुनिहार की सभी 240 ग्राम पंचायतों में इस चैनल पर विधिक जागरूकता से संबंधित वीडियो अपलोड कर साझा किए गए हैं।
उन्होंने कहा कि विश्व विद्यार्थी दिवस पर राजकीय उच्च पाठशाला सनावर में डिजिटल माध्यम से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कसौली न्यायालय के न्यायाधीश द्वारा बच्चों को कानूनी अधिकारों की जानकारी प्रदान की गई। जिले के विभिन्न निजी विश्वविद्यालयों में भी विधिक जागरूकता अभियान के अंतर्गत् कार्यक्रम आयोजित किए गए।
उन्होंने कहा कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण 2 अक्टूबर से 14 नवंबर तक आयोजित किए जा रहे आउटरीच अभियान के तहत सोलन जिले के सभी 2383 गांवों तक पहुंचकर लोगों को विधिक रूप से जागरूक बनाएगा।
कपिल शर्मा ने सभी से आग्रह किया कि विधिक सेवाओं के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सोलन से दूरभाष 01792-220713 अथवा ईमेल secy-dlsa-sol-hp@gov.in पर संपर्क किया जा सकता है।

पूरी तरह से ऑनलाइन हुआ राज्यपाल सचिवालय

 

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here