पहले उक्रांद से की बेबफाई, कांग्रेस के साथ लिव इन रिलेशन और फिर नैनबाग में लड़ा बैठे भाजपा से नैन

853
  • प्रीतम ने भाजपा के संग बांधी प्रीत की डोरी
  • बोले, भा गयी नीतियां, हनीमून डिस्टीनेशन का करेंगे इंतजार

प्रीतम का प्यार एक बार फिर परवान चढ़ ही गया। यूं अकेले-अकेले कैसे रहा जा सकता था। प्यार की पतंग की डोर को खूब ढील दी। यमुनोत्री से धनौल्टी तक। धनौल्टी से आगे पेचे लड़ रहे थे। 2002 में उक्रांद पहला प्यार था। दूसरा प्यार 2012 में कांग्रेस था, कांग्रेस के साथ लिव इन रिलेशन में रहे। फिर 2017 में कांग्रेस का फ्लैट छोड़ दिया। धनौल्टी में अकेले-अकेले रहे लेकिन दिल का क्या कसूर कि ऐन चुनाव के वक्त पतंग को ढील दी तो भाजपा से पेंच लड़ गये।
आम आदमी पार्टी, कांग्रेस और भाजपा इस पतंग को हथियाने की फिराक में थे। प्रीतम के नैन नैनबाग में भाजपा से जो मिले तो बस गश खा गये। मदहोश हो गये। लगा, यही है मेरे सपनों की मंजिल। मेरा दिलदार, मेरा तारणहार। बस पतंग को ढील दी और कौशिक ने प्रीतम के तारों को अपने तारों में उलझा दिया और ये तार दिल्ली में स्मृति के सामने झनझना उठे। अन्य दल कह रहे हैं, हाय, प्रीतम ये क्या किया? डूबती कश्ती में सवार हो गये। लेकिन दिल का क्या कसूर? प्रीतम तो प्यार में है, दिल पर भला किसका जोर चलता है?
ये मुईं राजनीति है ही ऐसी बदमिजाज कि मौसम की तरह बदल जाती है। कसम से कभी लगता है कि दलदल की राजनीति से गिरगिट भी शरम से पानी हो जाएं। प्रीतम का पहला प्यार उक्रांद उतणदंड हो गया। यमुनोत्री की जनता पहले से ही प्रीतम की बेवफाई पर ठगी गयी। अब बेहोश होने की बारी धनौल्टी की है। प्रीतम की रुखसती को देख धनोल्टी विशेष नैनबाग के युवा उदास हैं जैसे कि दीपिका ने शादी कर लाखों का दिल तोड़ दिया।
मैंने प्रीतम से प्यार भरे स्वर में पूछा कि कोरोनाकाल में छोटे से मंडप में समारोह क्यों किया? क्या कोरोना गाइडलाइन का पालन कर रहे थे। वह लजाते हुए बोले, स्मृति थी, कौशिक थे, बलूनी थे और क्या चाहिए? मैंने कुरेदा, धनौल्टी ही रहोगे क्या? प्रीतम ने बड़ी मासूमियत से जवाब दिया, जहां दिलवर (भाजपा) चाहे। तो, दोस्तों अब प्रीतम को हनीमून डेस्टीनेशन (जहां से टिकट मिले) का इंतजार है। उन्हें बधाई तो बनती है। जनता का क्या? वह तो दल-बदलूओं और नेताओं की बेवफाई की आदी है।
[वरिष्‍ठ पत्रकार गुणानंद जखमोला की फेसबुक वॉल से साभार]

मनोज सरकार के कांस्य की ओर भी देख लो सरकार! वो भी वोटर है आपका!

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here