आनंद शर्मा को बाहरी बताने भाजपा को घेरा

49

धर्मशाला (कांगड़ा), 24 मई। कांग्रेस पार्टी के कांगड़ा-चंबा संसदीय क्षेत्र के मीडिया कोआर्डिनेटर संजीव गांधी ने कहा कि भाजपा के नेता यह झूठ फैलाने में जुटे हुए हैं कि कांगड़ा-चंबा लोकसभा सीट के कांग्रेस प्रत्याशी एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री हिमाचल के नहीं हैं और बाहरी हैं। उन्होंने इसे दुर्भाग्यपूर्ण करार देते हुए कहा कि यह तथ्यहीन बातें है जबकि सच्चाई यह है कि आनंद शर्मा की पैदाइश शिमला की है, वह यहीं पले बढ़े हैं और उनकी स्कूल व कॉलेज की पढ़ाई शिमला की है। वह शिमला विवि में पढ़े हैं। ऐसे में जिसका जन्म से लेकर बचपन शिमला में बीता है, वो बाहरी कैसे हो सकता है।

संजीव गांधी ने यहां आयोजित प्रेसवार्ता में सवाल उठाते हुए कहा कि क्या भाजपा के नेता यह कहने की कोशिश में जुटे हैं कि शिमला हिमाचल का हिस्सा नहीं है। उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं के दोगलेपन का साक्ष्य इसी बात से मिलता है कि जहां उनके अपने सर्वोच्च नेता नरेंद्र मोदी अपना प्रदेश गुजरात छोड़ कर यूपी के बनारस में चुनाव लड़ते हैं, वहीं हेमा मालिनी मुंबई से चुनाव लड़ने मथुरा आती हैं और स्मृति ईरानी अमेठी जाकर चुनाव लड़ती हैं, तब भाजपा को अपने ये नेता बाहरी नहीं लगते। जबकि हिमाचल का सपूत जो यहीं पला बड़ा और जिसका घर शिमला में है उसे भाजपा नेता बाहरी बताकर झूठा अलाप करने में लगे हुए हैं।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि वास्तव में आनंद शर्मा के कांगड़ा-चंबा में प्रत्याशी बनने के बाद भाजपा को अपनी हार साफ दिखाई दे रही है। कांग्रेस के एक आला नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री के सामने उनका उम्मीेदवार टिक नहीं पा रहा, इसलिए अब वे उनको बाहरी बताकर झूठे प्रचार में लगे हैं। उन्होंने कहा कि कांगड़ा-चंबा और प्रदेश की जनता इस बात को भलती भांति जानती है कि आनंद शर्मा हिमाचली हैं और पूरे संसदीय क्षेत्र में जनता उन्हें पूरा समर्थन दे रही है और उनके भाषणों को गंभीरता से सुन रही है। उन्होंने कहा कि आंनद शर्मा हिमाचल प्रदेश से तीन बार राज्यसभा के सदस्य रहे और यूपीए सरकार के कार्यकाल में केंद्रीय मंत्री रहते हुए विदेश, कपड़ा, वाणिज्य और उद्योग जैसे बड़े विभागों का दायित्व संभाला था। इस दौरान उन्होंने हिमाचल को कई बड़ी संस्थाएं दी थीं, जिनमें मंडी का आईआईटी, कांगड़ा का निफ्ड, इंदौरा में इंडस्ट्री यल कॉरिडोर, पालमपुर में टी बोर्ड का कार्यलय व म्यूजियम, शिमला में पासपोर्ट कार्यालय समेत दर्जनों प्रोजेक्ट शामिल है।

धर्मशाला और चंबा में खेलेंगे स्थायी कार्यालय

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि सांसद रहते हुए शांता कुमार और किशन कपूर तक का इतना बड़ा योगदान नहीं रहा है। उन्होंने कहा कि आनंद शर्मा ने धर्मशाला और चंबा में अपने स्थायी कार्यालय खोलने का निर्णय लिया है, जिससे वह नियमित तौर पर कांगड़ा और चंबा की जनता के साथ जुड़े रहेंगे। उन्होंने कहा कि आनंद शर्मा ने कांगड़ा और चंबा के विकास के लिए बीस प्राथमिकताएं तय की हैं। इनको लेकर अपना एक पर्चा भी जारी किया है। उन्होंने कहा कि केंद्र में इंडिया गठबंधन की सरकार बनने पर उनका मंत्री बनना तय है।

स्टेट हुड मारो ठूड कहने वाले कर रहे हिमाचलियों का अपमान

हिमाचल प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष डॉ. कैलाश पराशर ने कहा कि आनंद शर्मा को बाहरी बताते वाले भाजपा के नेता यह बात भूल गए है कि जब हिमाचल को पूर्ण राज्य का दर्जा दिया जा रहा था, तो जनसंघ के जमाने में उनके ही नेता स्टेट हुड मारो ठूड की बातें करके इसका विरोध करते थे। आज वही भाजपा नेता शिमला के निवासी आनंद शर्मा को बाहरी बताकर हिमाचलवासियों का अपमान करने में जुटे हुए हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here