हिमाचल के बनखंडी में बनेगा बड़ा चिडि़याघर, मिली स्वीकृति

173

शिमला, 27 जुलाई। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आज यहां कहा कि राज्य सरकार के अथक प्रयासों के फलस्वरूप प्रदेश में एक बड़े चिडि़याघर की स्थापना के लिए केंद्रीय चिडि़याघर प्राधिकरण (सीजेडए) से पूर्व स्वीकृति प्राप्त हो गई है। प्रदेश में पर्यटन को बढ़ावा देने के दृष्टिगत बड़े चिडि़याघर की स्थापना एक महत्त्वपूर्ण कदम साबित होगा।
उन्होंने कहा कि कांगड़ा जिले के बनखंडी में बड़े चिडि़याघर की स्थापना प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी परियोजना है। केंद्रीय चिडि़याघर प्राधिकरण की पूर्व स्वीकृति से सरकार की इस परियोजना को मूर्तरूप प्रदान करने में बल मिलेगा।
उन्होंने कहा कि प्रदेश ने कांगड़ा को पर्यटन राजधानी के रूप में स्थापित करने का निर्णय लिया है और राज्य सरकार के प्रयासों को साकार करने में यह परियोजना मील पत्थर साबित होगी।
प्रधान मुख्य अरण्यपाल (वन बल प्रमुख) राजीव कुमार ने बताया कि केंद्रीय चिडि़याघर प्राधिकरण द्वारा जून को बुलाई गई 108वीं तकनीकी समिति की बैठक के दौरान बड़े चिडि़याघर की स्थापना के प्रस्ताव का गहन मूल्यांकन करने के उपरांत, समिति ने इसकी स्थापना के लिए स्वीकृति प्रदान करने की सिफारिश की है।
उन्होंने कहा कि इस चिडि़याघर में विश्वस्तरीय सुविधाएं प्रदान कर प्रदेश और अन्य क्षेत्रों के मूल वन्य जीवों को रखा जाएगा। यह चिडि़याघर पर्यटकों के लिए वन्य जीवों से जुड़ने, उनके प्राकृतिक व्यवहार और पारिस्थितिक महत्व की समझ विकसित करने के केंद्र के रूप में कार्य करेगा। यह चिडि़याघर वन्य जीव संरक्षण और उनके प्राकृतिक आवासों की रक्षा के महत्व के बारे में लोगों को जागरूक करेगा।

प्रशासन में कांग्रेस नाकाम, शिमला में पेयजल संकट गहराया

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here