राजकीय आयुर्विज्ञान महाविद्यालय चंबा के निर्माण कार्य में तेजी लाने के लिए 160 करोड़ जारी

174

चंबा, 30 जुलाई। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू आज रात चंबा जिले के अंतरराष्ट्रीय मिंजर मेले के समापन समारोह के अवसर पर सांस्कृतिक संध्या में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। उन्होंने उपस्थित जनों को मिंजर मेले की शुभकामना दीं और प्रदेशवासियों के सुखद भविष्य की कामना भी की। इस अवसर पर उन्होंने मेला आयोजन समिति की ओर से प्रकाशित स्मारिका का विमोचन किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार चंबा जिले के विकास के लिए अनेक प्रभावी कदम उठा रही है। उन्होंने कहा कि जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ किया जा रहा है। राजकीय आयुर्विज्ञान महाविद्यालय चम्बा के निर्माण कार्य में तेजी लाने के लिए वर्तमान सरकार द्वारा अभी तक 160 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं।
ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि सरकार द्वारा सिंहुता-लाहडू सड़क को डबल लेन करने के लिए 52 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं, जिससे क्षेत्र के लोगों को बेहतर परिवहन सुविधाएं उपलब्ध हो सकंेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार चुवाड़ी-चंबा सुरंग की संभावनाएं तलाशने के लिए सर्वेक्षण करवाएगी और इसके लिए आवश्यक धनराशि भी उपलब्ध करवाई जाएगी। उन्होंने कहा कि इससे क्षेत्र के लोगों को आवाजाही में काफी सुविधा होगी तथा उनके समय एवं धन की भी बचत होगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार ने कई कर्मचारी हितैषी निर्णय लिए हैं और एनपीएस कर्मचारियों को पुरानी पेंशन प्रदान की गई है, ताकि वृद्धावस्था में वे सम्मानजनक जीवनयापन कर सकंे। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार को 75 हजार करोड़ रुपये का ऋण और कर्मचारियों एवं पेंशनरों के एरियर के रूप में 11,000 करोड़ रुपये की देनदारियां विरासत में मिली हैं। इसके बावजूद सरकार ने अपने कर्मचारियों को ओपीएस प्रदान की है।
सुक्खू ने कहा कि प्रदेश के कमजोर वर्गों के उत्थान के लिए भी सरकार अनेक कदम उठा रही है। अनाथ बच्चों के उत्थान के लिए प्रदेश में मुख्यमंत्री सुख-आश्रय योजना आरंभ की गई है और इससे लगभग 6000 पात्र बच्चे लाभान्वित होंगे। राज्य सरकार उन्हें अनिवार्य व व्यावसायिक शिक्षा, रहनसहन व अन्य सुविधाएं सुनिश्चित कर रही है और इन बच्चों को ‘चिल्ड्रन ऑफ द स्टेट’ के रूप में अपनाया गया है।
मुख्यमंत्री ने इससे पूर्व राजकीय आयुर्विज्ञान महाविद्यालय चंबा का निरीक्षण किया और संबंधित एजेंसियों को निर्माण गतिविधियों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
अंतिम सांस्कृतिक संध्या में गायक कैलाश खैर ने अपनी शानदार प्रस्तुति दी।
इस अवसर पर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया, विधायक भवानी सिंह पठानिया, केवल सिंह पठानिया व नीरज नैय्यर, पूर्व मंत्री आशा कुमारी व ठाकुर सिंह भरमौरी, हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता अमित भरमौरी और उपायुक्त चंबा अपूर्व देवगन भी उपस्थित थे।

मदद को बढ़े हाथ

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here