- सतपाल महाराज के सिर गरतांग गली में सजेगा ताज
- विधानसभा अध्यक्ष बनेंगे त्रिवेंद्र चचा, महेश नेगी और सुरेश राठौर कैबिनेट मंत्री
एबीपी सी वोटर सर्वे में विधानसभा चुनाव 2022 में 43 से 48 सीटें मिलने का अनुमान है। यह अनुमान पूरी तरह से गलत है। भाजपा को अगली बार भी प्रचंड बहुमत मिलने के आसार हैं। अगली बार सीएम सतपाल महाराज बनेंगे। सतपाल महाराज उत्तरकाशी की गरतांग गली की सीढ़ियों पर चढ़कर शपथ लेंगे। मंत्रिमंडल में दो नये चेहरे शामिल होंगे। विधायक महेश नेगी और सुरेश राठौर को संयुक्त रूप से महिला और बाल विकास विभाग की जिम्मेदारी दी जाएगी। मानीटरिंग का काम हरक सिंह रावत करेंगे।
त्रिवेंद्र चचा को विधानसभा अध्यक्ष बनाया जाएगा और हरक सिंह रावत को फिर से बिजली मंत्री बनाया जाएगा, ताकि ऊर्जा निगम को घाटे से ठीक उसी तरह से उबारा जा सके जैसे उन्होंने कर्मकार बोर्ड या वन निगम को उबारा। डा. धन सिंह रावत को आपदा प्रबंधन बरकरार रखा जाएगा और उनको बारिश कम या ज्यादा करने के लिए पांच-छह रिमोट दिए जाएंगे। एप को कंट्रोल करने वाले रिमोट ऐसे होंगे जो छत पर ही काम करेंगे।
विशेष आमंत्रित सदस्य होंगे सांसद तीरथ सिंह रावत और अजय भट्ट। तीरथ सिंह रावत प्रदेश में मोरल वैल्यू की नियमावली बनाएंगे और अजय भट्ट गगलोड़े से इलाज की व्यवस्था करेंगे ताकि ग्रामीणों को दून या हल्द्वानी इलाज के लिए न आना पड़े। गणेश जोशी को इस बार पशुपालन मंत्री बनाया जाएगा, लेकिन उन्हें घोड़ों से दूर रखा जाएगा। गरीब और कुपोषित बच्चों की बुआ रेखा आर्य को चौक-चौराहा विभाग दिया जाएगा ताकि कोई बच्चा भीख मांगता या भूखा सोता न मिले। रही बात मुख्यमंत्री धामी की। उनको राज्यपाल स्वागत सेल का मंत्री बनाया जाएगा। दूसरे प्रदेशों के जितने भी राज्यपाल उत्तराखंड आएंगे, वो उनका ध्यान रखेंगे। चारधाम यात्रा करवाएंगे। भाजपा सरकार में सचिवालय और मुख्यमंत्री आवास में मेरी एंट्री एक बार फिर बैन होगी, यह देखकर मैं डर गया और मेरी आंख खुल गयी। एक जोरदार सपना टूट गया।
[वरिष्ठ पत्रकार गुणानंद जखमोला की फेसबुक वॉल से साभार]