आप सेंध लगाने, भाजपा गढ़ बचाने, कांग्रेस खोई जमीन पाने की तलाश में

361
  • केशवपुरम का रण, प्रत्याशियों ने झोंकी ताकत

नई दिल्ली, 23 नवंबर। केशवपुरम के वार्ड 64 में इस बार भाजपा की प्रतिष्ठिता दांव पर लगी हुई है। यहां पर वरिष्ठ वकील योगेश वर्मा पार्टी के प्रत्याशी है, जो कि केशवपुरम जोन के चेयरमैन रह चुके हैं। वहीं, आम आदमी पार्टी ने भी यहां नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष रहे विकास गोयल को मैदान में उतार कर चुनाव को संषर्घपूर्ण बना दिया है। इन सबके बीच कांग्रेस के युवा प्रत्याशी और लोकल बॉय पंकज शर्मा अपनी उपस्थिति दर्ज करवाने का पुरजोर प्रयास कर रहे हैं।
केशवपुरम साहिब सिंह वर्मा के समय से भाजपा का मजबूत गढ़ रहा है। साहिब वर्मा के दिल्ली का मुख्यमंत्री बनने के बाद यहां से देवाज्ञा भार्गव ने भी क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया था। इसके बाद कांग्रेस की अनुजा पोपली ने भाजपा से यह सीट छीन ली थी। बाद में परिसीमन में यह सीट वजीरपुर के नाम से जानी जाने लगी। जिसका प्रतिनिधित्व भाजपा के वरिष्ठ नेता डॉ. महेंद्र नागपाल द्वारा भी किया गया। बाद में यह क्षेत्र अशोक विहार में चला गया, जहां पर योगेश वर्मा ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस के अशोक बसोया को हराया था।
इस क्षेत्र में आम आदमी पार्टी के उदय से पहले भाजपा को कांग्रेस से कड़ी चुनौती मिलती रही थी। अब यहां पर आम आदमी पार्टी भी अपनी दमदार उपस्थिति दर्ज करवा रही है, क्योंकि यहां से राजेश गुप्ता पार्टी के विधायक हैं। उनके द्वारा करवाए गए कार्यों का क्षेत्र में असर दिखाई दे रहा है। वहीं, भाजपा के लिए उसकी सबसे बड़ी सिरदर्दी नगर निगम में व्याप्त भ्रष्टचार, कूड़े के ढेर और सड़कों पर घूमते पशु हैं। क्योंकि पिछले 15 साल से इस क्षेत्र का भाजपा ही नेतृत्व कर रही है। वैसे भाजपा के कट्टर समर्थक निगम में व्याप्त भ्रष्टाचार, आंखों देखी गंदगी आदि को दरकिनार कर मोदी के नाम पर वोट डालने की बात करते हैं, जोकि योगेश वर्मा के लिए राहत की बात है। वहीं, आम आदमी पार्टी के समर्थक अरविंद केजरीवाल सरकार के कार्यों की उपलब्धि गिनाते हुए वोट देंगे। इसके लिए विकास गोयल ने भी पूरी ताकत झोंक रखी है। जहां गोयल एक तरफ झुग्गी-झोपड़ी में लगातार जनसंपर्क कर रहे हैं, वहीं भाजपा के गढ़ केशवपुरम में भी लोगों से भी लगातार मिल रहे हैं।
वजीरपुर इंडस्ट्रियल एरिया में 20 पोलिंग बूथों पर लगभग 22,184 वोट हैं। ये परंपरागत रूप से कांग्रेस के वोट माने जाते हैं। एकमुश्त पड़ने वाले ये वोट किसी भी पार्टी की हारजीत में बड़ा अंतर डाल सकते हैं। यहां पर विकास गोयल ने विशेष तौर फोकस कर रखा है। पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ विकास गोयल यहां लगातार सक्रिय नजर आ रहे हैं। विकास गोयल यहां पर जनंसपर्क के दौरान मोहल्ला क्लीनिक, शिक्षा में सुधार, बिजली के बिलों का शून्य आना, महिलाओं के लिए बस में निःशुल्क बस यात्रा, बसों में उनकी सुरक्षा के लिए मार्शलों की नियुक्ति, जगह-जगह सीसीटीवी कैमरों के लगाए जाने आदि के बारे में बता रहे हैं और उनकी समस्याओं का जल्द से जल्द हल करने का आश्वासन दे रहे हैं।
अशोक विहार में पड़ने वाले 14 पोलिंग बूथों पर लगभग 12660 वोट हैं। यहां के स्थानीय निवासी होने के कारण विकास गोयल और योगेश वर्मा इन वोटों पर अपना दावा ठोंक रहे हैं। केशवपुरम में सबसे ज्यादा 25 पोलिंग बूथ है और लगभग 29909 वोट। यहां पर कभी कांग्रेस भी मजबूत हुआ करती थी। यहां पर विकास गोयल की सक्रियता देखते ही बनती है, उनके साथ चांदनी चौक के आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष ईश अरोड़ा और वजीरपुर विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष दिनेश सिंह (मास्टर जी) अपने परिवार के साथ कंधे से कंधे मिला कर चलते नजर हैं। जिसका लाभ उन्हें मिलता दिख रहा है। वहीं, योगेश वर्मा मोदी की साफ-सुथरी छवि और अपने द्वारा कराए गए कार्यों को लोगों को गिनाते नजर आ रहे हैं। यहां पर मुख्य मुकाबला आम आदमी पार्टी और भाजपा के बीच नजर आ रहा है। इनके बीच पंकज शर्मा कांग्रेस के परंपरागत वोट बैंक को अपने साथ जोड़ने रखने की कयावद कर रहे हैं और वादा कर रहे हैं कि वे क्षेत्र की समस्यायों का समाधान निकालेंगे।

विकास का जनसंपर्क के दौरान गर्मजोशी से स्वागत

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here