निगम में लहराएगा कांग्रेस का परचम, बदलेगा दिल्ली का चेहरा

1066
मंच पर बैठे कांग्रेस पदाधिकारी।

आम सहमति से होगा प्रत्याशियों का चयन
स्थानीय समस्याओं पर लड़ा जाएगा चुनाव
नई दिल्ली, 4 सितंबर, अक्षुण्ण भारत। आदर्श नगर जिला कांग्रेस कमेटी के ऑब्जर्वर एवं विधायक राव दान सिंह ने कहा कि नगर निगम चुनाव में इस बार कांग्रेस का परचम लहराएगा। उन्होंने कहा कि निगम चुनाव में प्रत्याशियों का चयन आम सहमति से किया जाएगा।

राव के साथ आदर्श नगर जिला महिला कांग्रेस महासचिव दीपिका वाधवा और पंकज शर्मा।

दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष चौ. अनिल कुमार के निर्देशानुसार आगामी नगर निगम चुनाव के मद्देनजर आज सुबह त्रीनगर में आयोजित जिला आदर्श नगर की बैठक में जिला ऑब्जर्वर राव दान सिंह ने कहा कि पिछले छह-सात साल से दिल्ली की जो दुर्दशा हुई है उसे सभी ने देखा है। निगम चुनाव को लेकर इस बार कांग्रेस कार्यकर्ता पूरे उत्साह में हैं। पार्टी प्रत्याशियों को जीत दिलाने के लिए वे जी-जान लगा देंगे।

राव का अभिनंदन करते दीपक खुल्बे।

राव दान सिंह ने कहा कि शीला दीक्षित के कार्यकाल में दिल्ली में चहुंओर विकास हो रहा था। दिल्ली की सत्ता पर जबसे केजरीवाल काबिज हुए हैं, तब से विकास कहीं खो गया है। एक प्रश्न के उत्तर में राव ने कहा कि नगर निगम की सत्ता में आने पर दिल्ली में बरसात के समय होने वाली जलभराव की समस्या को हल किया जाएगा। उन्होंने कहा कि नगर कर्मियों के वेतन में आ रही समस्या को भी दूर किया जाएगा।

बैठक मे उपस्थित कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता।

राव ने आरोप लगाया कि देश में महंगाई और बेरोजगारी बढ़ रही है। सत्ता में बैठे नेता जनता को मात्र सांत्वना और प्रलोभन देने के अलावा कुछ नहीं कर रहे हैं। उन्होने कहा कि केजरी सरकार साबित करें उसने अपने कार्यकाल में कितने युवाओं को रोजगार दिया है।
राव ने कहा कि बैठक में कार्यकर्ताओं के अच्छे और बुरे अनुभवों को सांझा किया गया। इसके साथ उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे आपसी मतभेद भूल कर निगम चुनाव में कांग्रेस को जिताने के लिए जीजान से जुट जाएं।

आदर्श नगर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष हरी किशन जिंदल ने कहा कि निगम चुनाव स्थानीय समस्याओं को लेकर लड़ा जाएगा। जिंदल ने एक प्रश्न के उत्तर में कहा कि जलभराव ही नहीं, क्षेत्र में गंदगी, सीवर समस्या और कोरोना में आम आदमी की तकलीफ को लेकर भी कांग्रेस जनता के बीच जाएगी। एक अन्य सवाल के जवाब में जिंदल ने कहा कि यदि कोई पार्टी कार्यकर्ता नाराज है तो उसकी बात को ध्यान से सुना जाएगा और उसकी नाराजगी दूर की जाएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि अन्ना हजारे आंदोलन से निकले नेता आज कहां है। लोग महंगाई और बेरोजगारी से बेजार हैं और उनमें से कोई मुख्यमंत्री, राज्यपाल की कुर्सी पर बैठकर चैन की बंसी बजा रहा है। जिंदल ने कहा कि मोदी-केजरी ने सत्ता के बाद कुछ नहीं किया और आज जनता कांग्रेस के शासनकाल को याद कर रही है। इसका निश्चित ही फायदा निगम चुनाव में पार्टी को मिलेगा।
बैठक के बाद आदर्श नगर जिला महिला कांग्रेस की महासचिव दीपिका वाधवा ने कहा कि निगम चुनाव को लेकर महिलाओं में बेहद उत्साह है। भाजपा-आम आदमी पार्टी के शासन से परेशान महिलाएं इस बार निगम चुनाव के समीकरण बदलेंगी। वाधवा ने कहा कि महिला कार्यकर्ता निगम चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी की जीत सुनिश्चित करने के लिए अभी से जुट गई हैं। उन्होंने कहा कि बैठक में पहुंचे कार्यकर्ताओं का उत्साह इस बात की गवाही दे रहा है।
बैठक में प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष मुदित अग्रवाल, पूर्व विधायक हरिशंकर गुप्ता, कमलकांत शर्मा, मंगत राम सिंघल चतर सिंह, अशोक बसोया, पंकज शर्मा और दीपक खुल्बे भी मौजूद थे।

जिम्मेदारी नहीं लेना चाहते हैं केशवपुरम के प्रतिनिधिः दीपिका

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here