चंबा में कांग्रेस 2 सीटों पर जीती, पठानिया की जीत से मंत्रिपद की आस

316

चंबा, 9 दिसंबर। हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव के नतीजों में इस बार चंबा जिले में काफी फेरबदल हुआ है। जिले के सभी 5 विधानसभा क्षेत्रों के चुनावों में जहां तीन नए प्रत्‍याशी जीत कर विधानसभा जाएंगे तो वहीं सत्‍ता संभालने जा रही कांग्रेस पार्टी के एक पुराने नेता कुलदीप सिंह पठानिया की जीत से मंत्रिपद मिलने की पूरी संभावना बन गई है। हालांकि यहां से वरिष्‍ठ कांग्रेस नेता एवं पूर्व मंत्री आशा कुमारी और पूर्व मंत्री ठाकुर सिंह भरमौरी की करारी हार हुई है। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त चंबा डीसी राणा ने परिणाम घोषित करने की अधीसूचना जारी कर दी है।
ये रहे विजेता
चुराह विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के उम्मीदवार हंस राज, भरमौर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी डॉ. जनक राज, चंबा विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस पार्टी के प्रत्याशी नीरज नैयर, डलहौजी विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी दविंदर सिंह और भटियात विधानसभा क्षेत्र कांग्रेस प्रत्याशी कुलदीप सिंह पठानिया विजयी रहे हैं।

चुराह विधानसभा क्षेत्र
चुराह विधानसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार हंस राज ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस पार्टी के उम्मीदवार यशवंत सिंह को 2642 वोटों से पराजित किया। भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार हंस राज को 32095 मत और कांग्रेस पार्टी के उम्मीदवार यशवंत सिंह को 29453 मत प्राप्त हुए। आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार नंद कुमार जरयाल को 385 मत मिले। 394 मतदाताओं ने नोटा का प्रयोग किया।

भरमौर विधानसभा क्षेत्र
भरमौर विधानसभा क्षेत्र से चिकित्‍सा का पेशा छोड़ कर पहली बार राजनीति के मैदान में उतरे स्‍वच्‍छ और साफ छवि वाले भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार डॉ. जनक राज ने भारी मतों से जीत दर्ज की है। उन्‍होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस पार्टी के उम्मीदवार ठाकुर सिंह भरमौरी को 5272 वोटों से पराजित किया। डॉ. जनक राज को 30336 मत और कांग्रेस पार्टी के उम्मीदवार ठाकुर सिंह भरमौरी को 25164 मत प्राप्त हुए। इसके अलावा हिमाचल जन क्रांति पार्टी की पूजा को 242, आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार प्रकाश चंद को 237 और हिमाचल जनता पार्टी के उम्मीदवार रसीला राम को 187 मत प्राप्त हुए, जबकि 343 मतदाताओं ने नोटा का प्रयोग किया।

चंबा विधानसभा क्षेत्र
चंबा विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस पार्टी के उम्मीदवार नीरज नैयर ने भारतीय जनता पार्टी की उम्मीदवार नीलम नैयर को 7782 वोटों से पराजित किया। नीरज नैयर के पिता कांग्रेस सरकार में मंत्री रहे हैं। इससे पहले भी नीरज नैयर भाग्‍य आजमा चुके थे, मगर जीत नहीं मिली। इस बार भाजपा की ओर से प्रत्‍याशी बदलने के चलते पैदा विवाद के बीच कांग्रेस पार्टी के उम्मीदवार नीरज नैयर ने जीत दर्ज की। उन्‍हें 32783 मत और भारतीय जनता पार्टी की उम्मीदवार नीलम नैयर को 25001 वोट प्राप्त हुए। बहुजन समाज पार्टी के उम्मीदवार परस राम को 247, भारतीय वीर दल के उम्मीदवार उत्तम चंद को 159, आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार शशिकांत को 356, निर्दलीय उम्मीदवार इंदिरा को 2443 मत प्राप्त हुए, जबकि 539 मतदाताओं ने नोटा का प्रयोग किया।

डलहौजी विधानसभा क्षेत्र
डलहौजी विधानसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार दविंदर सिंह (डीएस ठाकुर) ने कांग्रेस पार्टी की वरिष्‍ठ नेता आशा कुमारी को 9918 वोटों से पराजित किया। भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार दविंदर सिंह को 33488 और कांग्रेस पार्टी की उम्मीदवार आशा कुमारी को 23570 मत प्राप्त हुए। राष्ट्रीय देवभूमि पार्टी के उम्मीदवार अशोक कुमार बकारिया को 358 और आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार मनीष सरीन को 207, निर्दलीय उम्मीदवार रिंकू को 241 मत प्राप्त हुए, जबकि 382 मतदाताओं ने नोटा मत का प्रयोग किया।

भटियात विधानसभा क्षेत्र
भटियात विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस पार्टी के उम्मीदवार कुलदीप सिंह पठानिया को लगातार दो बार हारने के बाद जीत का तोहफा मिला है। मतगणना के दौरान चले उतार-चढ़ाव के बीच अखिर में उन्‍होंने भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार बिक्रम सिंह को 1567 वोटों से पराजित किया। बिक्रम सिंह जरयाल यहां से लगातार दो बार जीत चुके थे, मगर इस बार वे हैट्रिक से चूक गए। कांग्रेस पार्टी के उम्मीदवार कुलदीप सिंह पठानिया को 25989 मत और भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार बिक्रम सिंह को 24422 वोट प्राप्त हुए। हिंदू समाज पार्टी के उम्मीदवार अमृता चौधरी को 607, आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार नरेश कुमार को 197, निर्दलीय उम्मीदवार निर्मल सिंह को 7741 मत प्राप्त हुए, जबकि 468 मतदाताओं ने नोटा का प्रयोग किया।

केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर के गृह जिले में भाजपा का सफाया

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here