विकास की पर्याय हैं भाजपा की सरकारेंः नड्डा

357

पच्छाद/नाहन, 20 अगस्त। सांसद और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने आज सिरमौर जिले के पच्छाद विधानसभा क्षेत्र के सराहां में एक जनसभा को संबोधित किया। जनसभा में मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर भी उपस्थित रहे। इस अवसर पर जगत प्रकाश नड्डा ने कहा कि भाजपा जब भी सत्ता में आती है तो विकास कार्यों को नई गति मिलती है। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य में भाजपा की सरकारें विकास का पर्याय बन गई हैं।
उन्होंने कहा कि देश और प्रदेश में सड़क, बिजली, पानी और अन्य मूलभूत सुविधाओं का विस्तार और चहुंमुखी विकास भाजपा की सरकारों के कारण ही संभव हुआ है। जगत प्रकाश नड्डा ने कहा कि नाहन में 333 करोड़ रुपये की लागत से मेडिकल कालेज बन रहा है और सिरमौर जिले में आईआईएम जैसे प्रतिष्ठित संस्थान की स्थापना भी की गई है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सशक्त एवं दूरदर्शी नेतृत्व के कारण आज भारत तेजी से बदल रहा है। कोरोना रोधी टीकाकरण में देश में पहला स्थान हासिल करने पर भाजपा अध्यक्ष ने प्रदेश सरकार के प्रयासों की सराहना भी की। उन्होंने कहा कि राज्य ने जल जीवन मिशन में भी सराहनीय उपलब्धियां हासिल की हैं।
इस अवसर पर पच्छाद की विधायक रीना कश्यप ने भाजपा अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा और मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर का स्वागत किया और क्षेत्र में जारी विभिन्न विकास कार्यों की जानकारी दी।
इस अवसर पर सांसद एवं प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुरेश कश्यप, स्वास्थ्य मंत्री डॉ. राजीव सैजल, ऊर्जा मंत्री सुखराम चौधरी, प्रदेश भाजपा के सह प्रभारी संजय टंडन, राज्य नागरिक आपूर्ति निगम के उपाध्यक्ष बलदेव तोमर और राज्य विपणन बोर्ड के अध्यक्ष बलदेव भंडारी भी उपस्थित थे।
प्रदेश ने हर क्षेत्र में की अभूतपूर्व तरक्की
वहीं, ‘आजादी का अमृत महोत्सव’ के तहत आज नाहन के चौगान में आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा ने कहा कि आजादी के अमृतकाल के दौरान भारत को विश्व की महाशक्ति बनाने के लिए प्रधानमंत्री मोदी ने देशवासियों के लिए पांच संकल्प तय किए हैं। प्रत्येक देशवासी को इन संकल्पों का अनुसरण करना चाहिए। जगत प्रकाश नड्डा ने कहा कि सभी नागरिकों को अपने अधिकारों के साथ-साथ देश के प्रति अपने कर्तव्यों का भी विशेष ध्यान रखना चाहिए। देशवासियों के सक्रिय सहयोग से ही भारत वैश्विक महाशक्ति बनने की ओर अग्रसर होगा। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि उन्हें हिमाचल और केंद्र दोनों सरकारों में स्वास्थ्य मंत्री का दायित्व संभालने का सुअवसर मिला था, लेकिन प्रधानमंत्री मोदी के कुशल नेतृत्व में जिस प्रकार भारत ने नौ माह के भीतर ही दो-दो कोरोना रोधी वैक्सीन तैयार कीं, वह पूरे विश्व में बदलते भारत की एक बहुत बड़ी मिसाल है। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस के नेतृत्व वाली पिछली यूपीए सरकार का कार्यकाल देश के इतिहास में भ्रष्टाचार और भाई-भतीजावाद के काले दौर के रूप में याद किया जाएगा।
नड्डा ने कहा कि सिरमौर जिला 10वें सिख गुरु, गुरु गोविंद सिंह जी से संबंधित एक पवित्र भूमि है और यह माता श्री रेणुकाजी और उनके पुत्र भगवान परशुराम जी की भी तपोस्थली है। उन्होंने इस अवसर पर नाहन शहर से जुड़ी अपनी पुरानी स्मृतियों को भी साझा किया। उन्होंने कहा कि इन वर्षों के सिरमौर जिला और नाहन शहर में अभूतपूर्व प्रगति हुई हैं। उन्होंने कहा कि देश तभी प्रगति के पथ पर अग्रसर हो सकता है, जब देश का प्रत्येक राज्य समृद्ध बने।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि भारत अपने पुराने गौरव को फिर से हासिल कर रहा है और इसका श्रेय प्रधानमंत्री मोदी के सशक्त नेतृत्व को जाता है। उन्होंने कहा कि भारत की आजादी के 75 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य पर ‘आजादी का अमृत महोत्सव’, हर घर तिरंगा अभियान शुरू किया गया। उन्होंने कहा कि इस अभियान के माध्यम से देशभक्ति की भावना जागृत करने का श्रेय प्रधानमंत्री मोदी को जाता है।
सिरमौर जिला के भाजपा अध्यक्ष विनय गुप्ता और नाहन मण्डल भाजपा अध्यक्ष प्रताप ठाकुर ने राष्ट्रीय भाजपा अध्यक्ष और मुख्यमंत्री का स्वागत किया।
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. राजीव सैजल, ऊर्जा मंत्री सुखराम चौधरी, प्रदेश भाजपा सह-प्रभारी संजय टंडन, राज्य नागरिक आपूर्ति निगम के उपाध्यक्ष बलदेव तोमर, मुख्यमंत्री के ओएसडी शिशु धर्मा, प्रदेश विपणन बोर्ड के अध्यक्ष बलदेव भंडारी और जिला परिषद की अध्यक्ष सीमा कनियाल भी इस अवसर पर उपस्थित थीं।

वीडियोः देखते ही देखते बह गया रेलवे पुल, पंजाब-हिमाचल का संपर्क टूटा

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here