गांधी के स्वच्छ भारत के सपनों को करेंगे साकार

684

बिलासपुर, 2 अक्टूबर। नेहरू युवा केंद्र बिलासपुर तथा आदर्श युवक मंडल मोहड़ा के सौजन्य से राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती व आजादी का अमृत महोत्सव के उपलक्ष्य में विधानसभा क्षेत्र घुमारवीं की पंचायत पपलाह के गांव गूगा मोहड़ा में स्वच्छ भारत अभियान कार्यक्रम की अध्यक्षता खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले मंत्री राजिन्द्र गर्ग ने की। इस अवसर पर गांव गूगा मोहड़ा तथा मोहड़ा बाजार में स्वच्छता अभियान चलाया गया। उन्होने युवक मंडल, महिला मंडल को स्वच्छ भारत टी शर्ट का वितरण भी किया।
राजिन्द्र गर्ग ने कहा कि गांधी के स्वच्छ भारत के सपनों को साकार करने और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छ राष्ट्र निर्माण के लक्ष्य को पूर्ण करने के लिए आज देश का हर नागरिक स्वच्छता अभियान को सफल बनाने के लिए एक जनांदोलन का रूप लेकर स्वच्छ भारत के लक्ष्य की ओर बढ़ा रहा है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता की ओर बढ़ रहे भारत के हर नागरिक के कदम समूचे राष्ट्र को स्वच्छ बनाने की दिशा में कारगर भूमिका निभा रहे हैं। भारत का स्वच्छता अभियान समूचे विश्व के लिए एक अनुकरणीय है।

उन्होने कहा कि केंद्र सरकार ने प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में 7 साल में 8 लाख शौचालय बनाए तथा गांवों में मनरेगा के अंतर्गत् शौचालयों का निर्माण किया जा रहा है। हम अपने आसपास का वातवरण स्वच्छ रखेंगे तो बीमारियों भी कम होगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश, जिले और गांवों को प्लास्टिक कचरा मुक्त बनाने की शुरूआत प्रत्येक व्यक्ति अपने घर से करे और गांव, गली, मोहल्ले के लोगों को भी स्वच्छ व प्लास्टिक कचरा मुक्त वातावरण बनाने के लिए प्रेरित करें। प्रदेश को स्वच्छ और प्लास्टिक कचरा मुक्त बनाकर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी तथा प्रधानमंत्री मोदी के स्वच्छ भारत के सपने को साकार किया जा सकता है।
उन्होने कहा कि प्रदेश को कुदरत ने स्वच्छ पर्यावरण का एक बहुत बडा वरदान दिया है, यहां के घने जंगल जहां पर्यावरण को संरक्षित करते है वहीं देश तथा विदेशों से हजारों पर्यटक घूमने के लिए आते हैं और स्वच्छ वातावरण का आंनद लेते हैं। उन्होंने स्वच्छ वातावरण को बरकरार रखने के लिए तथा प्रदेश को पॉलीथीन और प्लास्टिक कचरा मुक्त बनाने के लिए आमजन से अपना बहुमूल्य सहयोग प्रदान करने का आह्वान किया ताकि स्वच्छ वातावरण के लिए विश्व में प्रदेश का नाम पर्यटन के मानचित्र पर उभर कर आएगा तथा आर्थिक दृष्टि से भी मजबूत होगा।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वे अपने घर, मुहल्ले व गांव के आस-पास के परिसर की सफाई का विशेष अभियान चलाकर स्वच्छता के प्रति लोगों को जागरूक करें। पॉलीथीन व प्लास्टिक का प्रयोग न करें और नदी, नालों में भी प्लास्टिक कचरा न फैकें। निर्धारित किए गए स्थलों पर ही कूडे कचरे का निपटारा सुनिश्चित बनाएं ताकि पर्यावरण को किसी भी प्रकार की क्षति न हो।
युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार द्वारा नेहरू युवा केंद्र संगठन के माध्यम से आजादी के अमृत महोत्सव के आयोजन के क्रम में देश के 744 जिलो में स्वच्छ भारत अभियान देश भर में एक से 31 अक्टूबर तक चलाया जाएगा, जिसमें 75 लाख किलोग्राम पॉलीथिन एकत्रित करने के लक्ष्य के साथ गांवों को सुंदर बनाने व प्राकृतिक जल स्त्रोत की साफ सफाई व रखरखाव हेतु अभियान चलाया जायेगा। उन्होंने युवक मंडल, महिला मंडल तथा समस्त युवाओं से इस अभियान को सफल बनाने मे अपना महत्वपूर्ण योगदान देने का आह्वान किया। जिसमें सभी विभाग बढ़़चढ़ स्वच्छ भारत अभियान को सफल बनाने में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें। इस अभियान के दौरान हर गांव से 20 से 25 किलोग्राम पॉलीथिन एकत्रित किया जाएगा तथा वातवरण को स्वच्छ रखने के लिए पौधरोपण भी किया जाएगा।
इस अवसर भाजपा जिला प्रवक्ता एडवोकेट प्रेम सागर भारद्वाज, आदर्श युवक मंडल प्रधान अभिषेक, महिला मंडल प्रधान मीरा, ममता, महिला मंडल मोहड़ा, पपलाह, चडोल महिला मंडल मोहड़ा, पपलाह की सदस्य सहित गांवों के लोग उपस्थित रहे।

तंग मोड़ पर असंतुलित हुई बाइक से महिला गिरी, जेसीबी ने कुचला

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here